बगहा से अगवा छठी की छात्रा 6 महीने बाद गोरखपुर में मिली… दरिंदगी ऐसी की हो जाएंगे दास्तां सुन रोंगटे खड़े

bihar samachr : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से अगवा की गई छठी कक्षा की छात्रा आखिरकार छह महीने बाद उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सुरक्षित बरामद कर ली गई है. लेकिन इस दौरान मासूम ने जो यातनाएं झेली हैं, वह इंसानियत को शर्मसार करने वाली हैं. छात्रा ने आरोप लगाया है कि उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, उसके साथ दुष्कर्म हुआ और बाद में उसे दूसरे लोगों के हाथों बेच दिया गया.

25 जुलाई 2025 को कोचिंग जाते समय हुआ था अपहरण

छात्रा के अपराधियों के चंगुल से भाग निकलने के बाद गोरखपुर पुलिस की 112 टीम ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया. जब उसे उसके माता-पिता के सामने लाया गया तो आंखों से दिव्यांग मां और मजदूरी कर परिवार चलाने वाले पिता को देखते ही वह फूट-फूटकर रो पड़ी और उनसे लिपट गई. यह दृश्य वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर गया. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित छात्रा का अपहरण 25 जुलाई 2025 को बगहा के भैरोगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से उस वक्त कर लिया गया था, जब वह रोज की तरह कोचिंग पढ़ने जा रही थी. इसके बाद से बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था. परिजन लगातार थानों और प्रशासन के चक्कर काटते रहे.

चाय पिलाकर बेहोश किया, होश आया तो खुद को दूसरे राज्य में पाया

छात्रा ने पुलिस को बताया कि गांव के ही एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उसे चाय पिलाई थी. चाय पीने के बाद वह बेहोश हो गई. अगले दिन जब उसे होश आया तो उसने अपराधियों को आपस में बात करते सुना कि वे लोग हल्द्वानी पहुंच चुके हैं. वहीं उसने असलम खान नामक व्यक्ति को देखा, जिसने उसके साथ मारपीट की और शारीरिक शोषण किया. इसके बाद अपराधी उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाते रहे और अंततः गोरखपुर में किसी दूसरे व्यक्ति के हाथों बेच दिया गया.

अखबार में खबर छपने से घबराए अपराधी

छात्रा ने बताया कि गोरखपुर में बीते डेढ़ महीने से अपराधी आपस में चर्चा कर रहे थे कि लड़की के अपहरण की खबर अखबारों में छप चुकी है और पुलिस की दबिश बढ़ रही है. इसी डर के बीच उसे मौका मिला और वह किसी तरह वहां से भाग निकली. भागकर वह एक क्लीनिक में पहुंची, जहां मौजूद महिला डॉक्टर ने उसकी हालत देखकर तुरंत 112 नंबर पर कॉल किया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने साथ ले गई. इससे पहले गोरखपुर पुलिस द्वारा जारी एक वीडियो को देखकर छात्रा के परिजनों ने उसकी पहचान की और इसकी सूचना तुरंत बगहा पुलिस को दी. इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस के समन्वय से छात्रा को उसके परिवार से मिलाया गया.

जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसका बयान दर्ज किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले में मानव तस्करी, दुष्कर्म और अपहरण जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा. आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *