India-Bangladesh cricket controversy : आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है. बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है, जबकि उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है. यह निर्णय दुबई में आयोजित इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की अहम बैठक के दौरान लिया गया. बैठक की अध्यक्षता ICC चेयरमैन जय शाह ने की. ICC ने इस फैसले की आधिकारिक जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए साझा की है.
सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार
दरअसल ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर 24 घंटे की डेडलाइन दी थी. इसके बावजूद बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारतीय धरती पर खेलने से साफ इनकार कर दिया. तय समय सीमा खत्म होने के बाद ICC ने कड़ा रुख अपनाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला ले लिया. इससे पहले BCB ने भारत में मैच कराने के ICC के फैसले को चुनौती देते हुए डिस्प्यूट रिजोल्यूशन कमेटी (DRC) में अपील दायर की थी. हालांकि, DRC ने BCB की याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद बांग्लादेश के लिए टूर्नामेंट में बने रहना मुश्किल हो गया.
कैसे हुई विवाद की शुरुआत ?
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया गया. इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए और टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया. BCB का दावा था कि मौजूदा हालात में भारत में खेलना सुरक्षित नहीं है. एक दिन पहले तक बांग्लादेश को उम्मीद थी कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) उसके समर्थन में टी-20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार कर सकता है. ICC बोर्ड मीटिंग के दौरान PCB ने बांग्लादेश के पक्ष में अपनी बात जरूर रखी, लेकिन टूर्नामेंट से हटने की घोषणा नहीं की. हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि पाकिस्तान अपने वर्ल्ड कप में खेलने के फैसले पर दोबारा विचार कर सकता है.
क्यों मिला स्कॉटलैंड को ही मौका ?
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद ICC ने स्कॉटलैंड को टी-20 वर्ल्ड कप में शामिल करने का फैसला किया. स्कॉटलैंड की टीम इस समय ICC टी-20 रैंकिंग में 14वें स्थान पर है. पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड ने ग्रुप-बी में तीसरा स्थान हासिल किया था. उसके और इंग्लैंड के समान अंक थे, लेकिन बेहतर रन रेट के कारण इंग्लैंड सुपर-8 में पहुंच गया था. स्कॉटलैंड 2022 के वर्ल्ड कप में भी ग्रुप स्टेज में तीसरे नंबर पर रही थी और तब भी अगले दौर में जगह नहीं बना सकी थी. खास बात यह है कि 2021 के टी-20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड ने बांग्लादेश को हराकर बड़ा उलटफेर किया था. लगातार अच्छे प्रदर्शन और पिछले टूर्नामेंट्स में मजबूत दावेदारी के चलते ICC ने स्कॉटलैंड को यह मौका दिया.
ग्रुप और मैच शेड्यूल
स्कॉटलैंड को ग्रुप-सी में रखा गया है, जहां उसका सामना वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, इटली और नेपाल से होगा. टीम अपने शुरुआती तीन मुकाबले कोलकाता में खेलेगी, जबकि ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच मुंबई में खेला जाएगा. नियमों के मुताबिक हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें ही सुपर-8 स्टेज में प्रवेश करेंगी. टी-20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश के बाहर होने और स्कॉटलैंड की एंट्री ने टूर्नामेंट में नया मोड़ ला दिया है, जिससे आने वाले मुकाबलों को लेकर रोमांच और बढ़ गया है.