Pakistan withdraws T20 World Cup : भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले खेलने से इनकार करना बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को भारी पड़ गया है. लंबे समय तक समझाने और वैकल्पिक प्रस्तावों के बावजूद जब बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहा, तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने कड़ा रुख अपनाते हुए बांग्लादेश को सीधे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. उनकी जगह अब स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में एंट्री दे दी गई है.
पाकिस्तान की चेतावनी से नाराज ICC
ICC के इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है. दरअसल, बांग्लादेश के भारत में खेलने से इनकार के फैसले को पाकिस्तान लगातार समर्थन देता रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के शीर्ष अधिकारी और बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने सार्वजनिक रूप से ICC पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया था. रिपोर्ट के मुताबिक ICC पाकिस्तान के हालिया रुख और बांग्लादेश के समर्थन में दिए गए बयानों से बेहद नाराज है. पड़ोसी मुल्क से ऐसी खबरें सामने आई थीं कि अगर बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किया गया, तो पाकिस्तान भी T20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस लेने पर विचार कर सकता है. मीडिया रिपोर्ट में ICC सूत्र के हवाले से बताया गया कि अगर पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेने का फैसला करता है, तो ICC उसके खिलाफ सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा.
पाकिस्तान पर लग सकते हैं 3 बड़े प्रतिबंध
रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान अगर T20 वर्ल्ड कप से हटता है तो ICC उस पर तीन कड़े प्रतिबंध लगा सकता है, जिसमें पाक के साथ किसी भी अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ बाइलेटरल सीरीज पर रोक, पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में विदेशी खिलाड़ियों को NOC नहीं मिलेगा और पाकिस्तान एशिया कप से बाहर हो सकता है इन प्रतिबंधों से पाकिस्तान क्रिकेट को भारी आर्थिक और खेल संबंधी नुकसान उठाना पड़ सकता है.
ICC के फैसले के खिलाफ मोहसिन नकवी का बयान
PCB चीफ मोहसिन नकवी ने ICC के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि बांग्लादेश के साथ अन्याय किया गया है. उन्होंने कहा कि एक देश जब चाहे कोई भी फैसला ले सकता है, जबकि दूसरे देश के लिए नियम बदल जाते हैं. बांग्लादेश एक बड़ा स्टेकहोल्डर है और उसके साथ इस तरह का व्यवहार गलत है. नकवी ने यह भी साफ किया कि पाकिस्तान के T20 वर्ल्ड कप में खेलने का अंतिम फैसला सरकार के उच्चतम स्तर पर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के विदेश दौरे से लौटने के बाद इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय होगा.
हाइब्रिड मॉडल का प्रस्ताव भी ठुकराया
PCB ने ICC से आग्रह किया था कि बांग्लादेश के लिए भी पाकिस्तान की तरह हाइब्रिड मॉडल पर विचार किया जाए, जिसके तहत पाकिस्तान अपने सभी T20 वर्ल्ड कप मैच कोलंबो में खेल सकता है. हालांकि, ICC ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और अपने फैसले पर कायम रहा. इसके बाद ICC ने स्पष्ट कर दिया कि बांग्लादेश अब टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होगा और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है.