मौसम की परवाह किए बिना चार दिन तक मालिक के पास बैठा रहा कुत्ता…बर्फ में दबकर दो युवकों की मौत

Dog stuck in Snow : हिमाचल प्रदेश से एक बेहद मार्मिक तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं. चंबा जिले के भरमानी माता मंदिर क्षेत्र में घूमने गए दो युवक खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण रास्ता भटक गए. चार दिन बाद जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तो दोनों युवकों के शव बर्फ में दबे हुए मिले. दोनों की मौत हो चुकी थी. इस पूरे हादसे की सबसे भावुक तस्वीर वह है, जिसमें घने कोहरे और कई मीटर मोटी बर्फ के बीच दोनों मृत शरीरों के पास उनका पालतू कुत्ता बैठा हुआ दिखाई दे रहा है. मानो वह मदद का इंतजार कर रहा हो. कुत्ते और उसके मालिकों के बीच इस अटूट रिश्ते ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. सोशल मीडिया पर यह तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है और लोग कह रहे हैं, पहाड़ों में कुत्ते कभी साथ नहीं छोड़ते, शायद यह उसका सबसे सच्चा उदाहरण है.

चार दिनों तक चली सर्च ऑपरेशन

मृतकों की पहचान 19 वर्षीय विकसित राणा और उनके 13 वर्षीय ममेरे भाई पीयूष के रूप में हुई है. दोनों फोटोग्राफी और रील बनाने के शौक़ीन थे और इसी उद्देश्य से मंदिर के ऊपर पहाड़ी इलाके में गए थे. उनके साथ कैंपिंग का सामान और एक पालतू कुत्ता भी मौजूद था. बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और इलाके में तेज बर्फबारी शुरू हो गई. खराब मौसम, घना कोहरा और फिसलन के कारण दोनों युवक रास्ता भटक गए. लगातार चार दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद जब रेस्क्यू टीम वहां पहुंची, तो बहुत देर हो चुकी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *