UGC rules 2026 explained : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता और भेदभाव-मुक्त माहौल सुनिश्चित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. जिसको लेकर देशभर में विरोध (UGC controversy ) हो रहा है.
इक्वलिटी कमेटी बनाना अनिवार्य
इन नियमों के तहत देश के हर कॉलेज और विश्वविद्यालय में इक्वल ऑपर्च्युनिटी सेंटर (EOC) की स्थापना अनिवार्य कर दी गई है. UGC के अनुसार EOC का मुख्य उद्देश्य पिछड़े और वंचित वर्ग के छात्रों को पढ़ाई, फीस और भेदभाव से जुड़े मामलों में सहायता प्रदान करना होगा. यह केंद्र SC, ST, OBC, महिलाओं और दिव्यांग छात्रों की समस्याओं पर विशेष रूप से ध्यान देगा. नए नियमों के तहत प्रत्येक कॉलेज में एक इक्वलिटी कमेटी (समता समिति) का गठन भी जरूरी होगा. इस कमेटी के अध्यक्ष कॉलेज के प्रधानाचार्य होंगे. कमेटी में SC/ST, OBC, महिलाएं और दिव्यांग वर्ग के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा. इस समिति का कार्यकाल दो वर्षों का होगा.
भेदभाव पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
UGC ने स्पष्ट किया है कि कॉलेजों में किसी भी तरह के भेदभाव की शिकायत मिलने पर 24 घंटे के भीतर कमेटी की बैठक अनिवार्य होगी. शिकायत की जांच रिपोर्ट 15 दिनों के अंदर कॉलेज प्रमुख को सौंपनी होगी. इसके बाद कॉलेज प्रमुख को 7 दिनों के भीतर आगे की कार्रवाई शुरू करनी होगी. EOC को हर छह महीने में कॉलेज को रिपोर्ट सौंपनी होगी. वहीं, कॉलेज को जातिगत भेदभाव से जुड़े मामलों की सालाना रिपोर्ट UGC को भेजनी होगी. इसके अलावा, UGC एक राष्ट्रीय निगरानी समिति का भी गठन करेगा, जो इन नियमों के पालन पर नजर रखेगी. UGC ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने वाले कॉलेजों की ग्रांट रोकी जा सकती है. गंभीर मामलों में कॉलेज के डिग्री, ऑनलाइन और डिस्टेंस कोर्स पर रोक लगाई जा सकती है. यहां तक कि संस्थान की UGC मान्यता भी रद्द की जा सकती है. UGC का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य उच्च शिक्षा संस्थानों में समान अवसर, सामाजिक न्याय और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है.
UGC के नए इक्विटी नियमों पर विवाद
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने 13 जनवरी को उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नए नियमों को अधिसूचित किया था. इन नियमों का नाम प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस रेगुलेशन्स, 2026 रखा गया है. इसके तहत देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जाति आधारित भेदभाव रोकने के लिए विशेष समितियां, हेल्पलाइन और मॉनिटरिंग टीमों के गठन के निर्देश दिए गए हैं. UGC के अनुसार ये टीमें विशेष रूप से SC, ST और OBC वर्ग के छात्रों से जुड़ी शिकायतों की निगरानी करेंगी और तय समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी. सरकार का कहना है कि इन प्रावधानों का मकसद उच्च शिक्षा संस्थानों में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है.
जनरल कैटेगरी के खिलाफ होने का आरोप
हालांकि नए नियमों को लेकर विरोध भी सामने आने लगा है. कुछ छात्र संगठनों और जनरल कैटेगरी के छात्रों का आरोप है कि ये प्रावधान एक वर्ग विशेष के खिलाफ पूर्वाग्रह को बढ़ावा दे सकते हैं. आलोचकों का कहना है कि सवर्ण छात्रों को स्वाभाविक अपराधी की तरह देखा जा रहा है, जिससे कैंपस का माहौल प्रभावित हो सकता है. जनरल कैटेगरी के छात्रों का यह भी तर्क है कि ऐसे नियमों से कॉलेज और यूनिवर्सिटी परिसरों में असंतुलन और अविश्वास की स्थिति पैदा हो सकती है, जो शैक्षणिक वातावरण के लिए ठीक नहीं होगी. वहीं, समर्थकों का मानना है कि यह कदम लंबे समय से चली आ रही शिकायतों के समाधान और सामाजिक न्याय की दिशा में जरूरी है. UGC ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उद्देश्य किसी भी वर्ग को निशाना बनाना नहीं, बल्कि सभी छात्रों को समान अवसर और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल प्रदान करना है.