Bihar News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि राज्य के प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे. उन्होंने यह घोषणा मंगलवार को मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड अंतर्गत अररिया संग्राम स्थित दुर्गा मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रम के दौरान की.
विकास योजनाओं की समीक्षा
सीएम नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत मधुबनी पहुंचे थे, जहां उन्होंने जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के उद्देश्य से सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य सरकार के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है.
रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रयासों
इसी लक्ष्य को साकार करने के लिए राज्य में एक नई एजुकेशन सिटी का निर्माण कराया जाएगा, जिससे उच्च और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक तेजी से पहुंचे. मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रयासों से बिहार तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है.