Darbhanga News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को दरभंगा दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे नागेंद्र झा स्टेडियम पहुंचकर विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. मुख्यमंत्री वहां लगाए गए सरकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और जिला स्तरीय योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे.
निर्माणाधीन हवाई अड्डा टर्मिनल का करेंगे निरीक्षण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने दौरे के दौरान निर्माणाधीन दरभंगा हवाई अड्डा टर्मिनल का भी निरीक्षण करेंगे. अधिकारियों के अनुसार, टर्मिनल भवन का ढांचा लगभग एक महीने में पूरा होने की संभावना है. वहीं, एलिवेटेड रोड परियोजना का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है. मुख्यमंत्री का आगमन सुबह 10:30 बजे दरभंगा हवाई अड्डे पर होगा. इसके बाद वे दिल्ली मोड़ स्थित बस स्टैंड जाएंगे, जहां प्रगति यात्रा के दौरान घोषित बस स्टैंड विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे. बस स्टैंड परिसर में ही प्रगति यात्रा के तहत घोषित अन्य योजनाओं की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया जाएगा.
यात्रियों को मिलेगी नाइट लैंडिंग की सुविधा
इसके पश्चात मुख्यमंत्री हवाई अड्डे के निर्माणाधीन सिविल इनक्लेव स्थल का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद वे आमस-दरभंगा पथ परियोजना के कैंप कार्यालय पहुंचकर निर्माणाधीन सड़क का जायजा लेंगे. साथ ही लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के लिए चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण करेंगे. कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री राज मैदान जाएंगे, जहां से वे दोपहर 12:32 बजे पटना के लिए रवाना होंगे. जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट पर कैट-टू लाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है. इसके आगामी मार्च माह तक पूरा हो जाने की संभावना है, जिसके बाद यात्रियों को नाइट लैंडिंग की सुविधा मिलने लगेगी.