Bihar News : प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण (PMAY-G) के तहत नए लाभुकों की अंतिम सूची तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. ग्रामीण विकास विभाग पूर्व में कराए गए सर्वे के आधार पर चयनित परिवारों का भौतिक सत्यापन करा रहा है. जिलों से मिल रही प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रक्रिया में करीब 40 प्रतिशत आवेदक अयोग्य घोषित किए जा सकते हैं.
31 जनवरी तक सत्यापन कार्य पूरा करने के निर्देश
विभाग ने सभी जिलों को 31 जनवरी तक सत्यापन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं. पीएम आवास सर्वे के दौरान कुल 1 करोड़ 4 लाख परिवारों की सूची तैयार की गई थी. इन्हीं परिवारों के घर-घर जाकर कर्मी यह जांच कर रहे हैं कि सर्वे के समय दी गई जानकारी वास्तविक स्थिति से मेल खाती है या नहीं.
आवेदक पूरा नहीं कर रहे पात्रता मानक
सत्यापन के दौरान परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आवासीय स्थिति और योजना के तय मानकों की गहन जांच की जा रही है. जिन परिवारों की जानकारी गलत पाई जा रही है या जो योजना के पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतर रहे हैं, उन्हें अयोग्य की श्रेणी में रखा जा रहा है. ग्रामीण विकास विभाग के सूत्रों के मुताबिक, अब तक के सत्यापन से यह संकेत मिल रहे हैं कि बड़ी संख्या में आवेदक पात्रता मानकों को पूरा नहीं कर रहे हैं. अंतिम सूची सत्यापन पूरा होने के बाद ही जारी की जाएगी, जिसके आधार पर पात्र लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास का लाभ दिया जाएगा.