India Pakistan Match : आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup) में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला नहीं खेला जाएगा. पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच का बहिष्कार करेगी. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाला आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होने जा रहा है. टूर्नामेंट के तहत भारत और पाकिस्तान की टीमें 15 फरवरी को कोलंबो में आमने-सामने होने वाली थीं, लेकिन अब यह मुकाबला नहीं होगा.
ICC के फैसले के विरोध में लिया गया कदम
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने की अनुमति देती है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी. पाकिस्तान सरकार के इस फैसले के पीछे इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का हालिया निर्णय बताया जा रहा है. ICC ने 24 जनवरी को बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का ऐलान किया था. इस फैसले से पाकिस्तान असहमत है. दरअसल बांग्लादेश सरकार ने भारत में मैच खेलने को लेकर सुरक्षा चिंताएं जताई थीं, जिसके बाद ICC ने यह बदलाव किया. इसी निर्णय के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का ऐलान किया है.
नॉकआउट मुकाबलों पर सस्पेंस
हालांकि पाकिस्तान ने लीग स्टेज में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला स्पष्ट कर दिया है, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यदि टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आते हैं, तो पाकिस्तान उस मैच में खेलेगा या नहीं. पाकिस्तान सरकार के इस कदम के बाद ICC और टूर्नामेंट आयोजकों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है. भारत-पाकिस्तान मुकाबला टी-20 वर्ल्ड कप के सबसे हाई-वोल्टेज मैचों में गिना जाता है और इसके न होने से टूर्नामेंट की व्यावसायिक और खेलगत तस्वीर पर असर पड़ सकता है.