बिहार में सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील गाना बजाने पर होगा सख्ती…बजाने पर होगी FIR

Bihar News : बिहार के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों के प्रसारण को लेकर सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने राज्य भर के पुलिस अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. जारी आदेश के मुताबिक, बस, ट्रक, ऑटो रिक्शा या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर यदि अश्लील भोजपुरी, मगही, मैथिली या अन्य भाषाओं के गाने बजाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सीधे प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. नियमों के उल्लंघन पर जेल की सजा तक का प्रावधान रखा गया है.

मानसिकता पर नकारात्मक प्रभाव

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि अश्लील गानों का समाज और खासकर बच्चों की मानसिकता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. ऐसे गाने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और सामाजिक मूल्यों को कमजोर करते हैं. बच्चों के स्वस्थ मानसिक विकास के लिए स्वच्छ और मर्यादित वातावरण आवश्यक है. उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को निर्देश दिया है कि इस आदेश के अनुपालन के लिए लगातार अभियान चलाया जाए. पुलिस को वाहनों की नियमित जांच करने और नियम तोड़ने वालों पर बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई करने को कहा गया है.

पुलिस की रहेगी सख्त निगरानी

सरकार का मानना है कि भोजपुरी, मगही और मैथिली जैसी समृद्ध भाषाओं में बढ़ते फूहड़पन पर रोक लगाना जरूरी है. सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन और भाषाई मर्यादा बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है. आदेश के बाद परिवहन साधनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर म्यूजिक सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *