BTech student death Bihar : राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बिहार के मधेपुरा जिले से एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में मुजफ्फरपुर की रहने वाली बीटेक छात्रा खुशबू कुमारी का शव फंदे से लटकता हुआ मिला है. घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे सभी छात्राएं क्लास के लिए निकल गई थीं, लेकिन खुशबू क्लास में नहीं पहुंची. उसकी रूममेट ने पहले सोचा कि शायद उसकी तबीयत खराब होगी. हालांकि, जब करीब 3:30 बजे रूममेट वापस लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. बार-बार आवाज देने और खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद वार्डन और सुरक्षा गार्ड को बुलाया गया. दरवाजा खुलते ही सभी सन्न रह गए. बालकनी के पास खुशबू का शव फंदे से लटका हुआ था. तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.
आत्महत्या मानने से इनकार
छात्रा की रूममेट और हॉस्टल इंचार्ज का कहना है कि खुशबू पढ़ाई और खेलकूद दोनों में अच्छी थी. वह हाल ही में सुपौल में कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर लौटी थी. उनके मुताबिक, खुशबू कभी तनाव या किसी परेशानी में नहीं दिखी थी. रूममेट ने बताया कि क्लास के लिए निकलते समय खुशबू पढ़ाई कर रही थी और पूरी तरह सामान्य थी. घटना की सूचना मिलने पर मुजफ्फरपुर से मधेपुरा पहुंचे खुशबू के पिता ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि कॉलेज प्रशासन की ओर से उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई, बल्कि खुशबू की रूममेट ने फोन कर मौत की जानकारी दी. पिता का आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जो पूरे मामले को संदिग्ध बनाता है. उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
परिजनों का कहना है कि यह मामला हाल ही में पटना के हॉस्टल में हुई नीट छात्रा की रहस्यमयी मौत से मिलता-जुलता है. बंद कमरा, फंदे से लटका शव, परिजनों को समय पर सूचना न देना और परिवार की मौजूदगी के बिना शव हटाना, ये सभी बातें हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था और कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े करती हैं. पुलिस ने मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. फिलहाल जांच छात्रा की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), चैट हिस्ट्री और कमरे की फॉरेंसिक जांच पर केंद्रित है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है.