राज्यपाल के अभिभाषण पर तेजस्वी यादव का सरकार पर तीखा हमला…अपराध के आंकड़ों पर पूछा-कहां है कानून का राज ?

Tejashwi Yadav Speech : बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में अपना पक्ष रखते हुए राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला. पैर में चोट के कारण तेजस्वी यादव ने स्पीकर की अनुमति से बैठकर अपना संबोधन पूरा किया. अपने संबोधन की शुरुआत में तेजस्वी यादव ने स्पीकर का धन्यवाद करते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों, कानून-व्यवस्था और विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास नहीं, बल्कि अन्याय के साथ विनाश हो रहा है और लोकतंत्र को डर तंत्र में बदल दिया गया है.

अभिभाषण को बताया अधिकारियों की लिखी स्क्रिप्ट

तेजस्वी यादव ने कहा कि बीते 11 वर्षों में कई राज्यपाल आए और गए, लेकिन उनके भाषणों की भाषा कभी नहीं बदली. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल वही भाषण पढ़ते हैं, जो अधिकारी तैयार कर देते हैं. उन्होंने कहा कि अभिभाषण में उन्हीं योजनाओं और कार्यों का उल्लेख किया गया, जो महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में पूरे किए गए थे. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 10 लाख नौकरियों का वादा किसी और सरकार ने नहीं, बल्कि महागठबंधन सरकार ने पूरा किया. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2020 में जब हम 10 लाख नौकरी की बात करते थे, तो मुख्यमंत्री कहते थे कि अपने बाप के घर से देगा. लेकिन हमने करके दिखाया. आज वही काम सरकार अपने नाम से बता रही है. तेजस्वी ने दावा किया कि सदन में सत्ता पक्ष के सदस्य भी उस वक्त ताली बजा रहे थे, क्योंकि वे जानते हैं कि यह काम उनकी सरकार का नहीं है.

सरकार की दो पहचान

तेजस्वी यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार की दो पहचान बन चुकी हैं, पहला है खुद की झूठी वाहवाही और दूसरा है 100 प्रतिशत लापरवाही. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नींद बेटियों की चीख से भी नहीं टूटती और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं. नेता प्रतिपक्ष ने सदन में राज्य में बढ़ते अपराधों के आंकड़े पढ़ते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि आए दिन हत्याएं हो रही हैं, महिलाओं के साथ अत्याचार बढ़े हैं, अपहरण और दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं. NEET की छात्रा से दुष्कर्म, खगड़िया और मुजफ्फरपुर में अपहरण के बाद हत्या जैसे मामलों का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने पूछा कि कहां है कानून का राज? भाजपाइयों ने लोकतंत्र को गनतंत्र बना दिया है.

जंगलराज शब्द पर तंज

तेजस्वी यादव ने कहा कि अपराध चरम पर है और सरकार स्थिति संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जंगलराज मत बोलिएगा, जंगलराज को मानने वाले जानवर नाराज हो जाएंगे. थाना खामोश है, प्रशासन बेहोश है और सरकार पूरी तरह मदहोश है. उन्होंने यह भी कहा कि जनता के बीच सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है और बिहार सरकार अब कोल्ड स्टोरेज बन चुकी है.

चुनाव जीतने पर भी सवाल

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार जनता के दम पर नहीं, बल्कि तंत्र के सहारे सत्ता में आई है. उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग किया गया और सारी ताकतें झोंक दी गईं. इन्होंने चुनाव अपने दम पर नहीं, बल्कि प्रशासन के दम पर जीता है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बजट में सरकार ने महागठबंधन के वादों की नकल की है. जो वादे हमने किए थे, वही बजट में चुरा लिए गए. राज्यपाल के अभिभाषण में हमारे वादे दोहराए गए.

विशेष राज्य के दर्जे की मांग

तेजस्वी यादव ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को दोहराते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद राज्य को उसका हक नहीं मिल रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे इस मुद्दे पर सड़क पर उतरें, विपक्ष उनके साथ खड़ा रहेगा. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रति व्यक्ति आय और रोजगार के मामले में पीछे है. उन्होंने कहा कि अगर बिहार अलग देश होता तो दुनिया का सबसे गरीब देश होता. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन गरीबों के वोट लिए गए, उन्हीं के घर उजाड़े जा रहे हैं.

वित्त मंत्री की साड़ी पर टिप्पणी

तेजस्वी यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की साड़ी को लेकर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान मधुबनी पेंटिंग वाली साड़ी पहनकर बजट पेश किया गया, लेकिन अब तमिलनाडु चुनाव में वहां की साड़ी पहनी जा रही है. बिहार में चुनाव खत्म होते ही इन्हें बिहार से कोई मतलब नहीं रह गया. अपने संबोधन के अंत में तेजस्वी यादव ने सरकार से प्रदेशवासियों से किए गए वादे पूरे करने की मांग की. उन्होंने कहा कि 1 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाए, राज्य में फैक्ट्रियां लगाई जाएं, कथनी और करनी में फर्क न रखा जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार अगर सही काम करेगी तो सहयोग मिलेगा, लेकिन गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ विपक्ष लगातार आवाज उठाता रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *