अनुष्का यादव मामले पर तेज प्रताप यादव का पलटवार…जानें कौन है आकाश भाटी जिस पर लग रहा साजिश का आरोप

Tej Pratap Yadav News : तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हाल के दिनों में एक बार फिर से सोशल मीडिया पर उनके नाम को अनुष्का यादव के साथ जोड़ते हुए कई तरह के दावे किए जा रहे है. कुछ पोस्ट में यह भी कहा गया कि अनुष्का यादव ने एक बेटी को जन्म दिया है और बच्ची के पिता तेज प्रताप हैं. हालांकि इन दावों को लेकर अब तेज प्रताप यादव ने सार्वजनिक तौर पर प्रतिक्रिया दी है और सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

प्रेस वार्ता में क्या बोले तेज प्रताप?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि अनुष्का यादव से उनका कोई निजी संबंध नहीं है और बच्ची से भी उनका कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने इन खबरों को पूरी तरह झूठ और भ्रामक बताया. तेज प्रताप ने इस दौरान नया दावा करते हुए आकाश भाटी का नाम सामने रखा. उनका कहना है कि अनुष्का यादव के बच्चे के पिता आकाश भाटी हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि आकाश भाटी पटना के गोला रोड इलाके में रहते हैं और उनका अनुष्का के फ्लैट पर आना-जाना रहा है. तेज प्रताप ने सवाल उठाया कि उनके संबंधों की जांच क्यों नहीं की जा रही.

कौन हैं आकाश भाटी ?

तेज प्रताप के आरोपों के बाद आकाश भाटी को लेकर जिज्ञासा बढ़ गई है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक वे किसी सार्वजनिक पद पर नहीं हैं और न ही कोई चर्चित राजनीतिक चेहरा हैं. कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें आकाश गुर्जर के नाम से भी संबोधित किया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अनुष्का यादव और आकाश भाटी के संबंधों को लेकर भी अब तक कोई अधिकृत रिपोर्ट सामने नहीं आई है.

साजिश का आरोप…कोर्ट जाने की चेतावनी

तेज प्रताप यादव ने पूरे प्रकरण को अपने खिलाफ रची गई साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने और राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से जुड़े नेताओं, मुकेश रौशन, संजय यादव, सुनील सिंह, शक्ति सिंह यादव और रमीज पर निशाना साधते हुए उन्हें जयचंद कहा और आरोप लगाया कि ये लोग उन्हें बदनाम करने में लगे हैं. तेज प्रताप ने कहा कि इन अफवाहों से वे मानसिक रूप से काफी परेशान हुए हैं और तनाव की स्थिति से गुजर रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मामले को लेकर कानूनी रास्ता अपनाने पर विचार कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर कोर्ट जाएंगे. फिलहाल इस पूरे विवाद पर अन्य संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *