पैसे के लिए पति ने किया पत्नी का सौदा…बदायूं में 1000 रुपये के बदले दोस्त की बीवी से दरिंदगी

Badaun news : बदायूं (उत्तर प्रदेश): जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. 30 वर्षीय विवाहिता ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने महज 1000 रुपये लेकर उसे अपने दो परिचितों के हवाले कर दिया, जिसके बाद दोनों ने कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पीड़िता का पति फरार बताया जा रहा है.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने रविवार शाम थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में महिला ने कहा कि उसके पति ने 1000 रुपये के बदले उसे अपने दोस्तों के साथ भेज दिया. महिला का आरोप है कि दोनों आरोपी पप्पू और बालकिशन उसे बहला-फुसलाकर गांव के बाहर सफेदा (यूकेलिप्टस) के बाग में ले गए. वहां सुनसान स्थान पर दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद किसी तरह वह वहां से निकलकर घर पहुंची और फिर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई.

घटना के बाद पति फरार

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति और दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है. ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP Rural) Hridayesh Katheriya ने बताया कि पीड़िता को सोमवार को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि मामले में नामजद आरोपी पप्पू और बालकिशन को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, महिला का पति छुटन फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है. पीड़िता की काउंसलिंग और सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं. पुलिस ने आम लोगों और मीडिया से अपील की है कि मामले को लेकर किसी तरह की अफवाह न फैलाएं और पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *