ICC ने ठुकराई PCB की मांग…टी-20 वर्ल्ड कप में भारत से खेलने पर पाकिस्तान का यू टर्न !

IND vs PAK T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लाहौर में हुई अहम बैठक के बाद तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ मैच खेलने पर सहमति दे दी है. यह मुकाबला हाइब्रिड मॉडल के तहत श्रीलंका के न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाएगा. सूत्रों के अनुसार लाहौर में पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधियों ने आईसीसी अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. इन मांगों में से कुछ पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने सकारात्मक रुख दिखाया है.

ICC के सामने पाक ने रखी मांग

पाकिस्तान के प्रमुख न्यूज चैनल डॉन ने सरकारी प्रसारक पाकिस्तान टीवी के हवाले से दावा किया है कि पाकिस्तान सरकार ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने को मंजूरी दे दी है। रिपोर्ट के अनुसार, यह निर्णय बांग्लादेश और श्रीलंका के अनुरोध के बाद लिया गया।

  • बांग्लादेश को मुआवजा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आर्थिक मुआवजे की मांग की थी. आईसीसी ने इस पर सहमति जताते हुए वैकल्पिक मेजबानी अधिकार देने का संकेत दिया है. सूत्रों के मुताबिक मुआवजे के रूप में बांग्लादेश को अंडर-19 वर्ल्ड कप और महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी सौंपी जा सकती है. हालांकि इस पर आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है.

  • पाकिस्तान की राजस्व हिस्सेदारी

पाकिस्तान ने आईसीसी राजस्व में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग भी रखी. वर्तमान में पाकिस्तान को आईसीसी के वार्षिक राजस्व का लगभग 5.75 प्रतिशत हिस्सा मिलता है, जिसकी अनुमानित राशि 34-35 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताई जाती है. आईसीसी ने इस मुद्दे पर पुनर्विचार करने और वित्तीय ढांचे की समीक्षा का आश्वासन दिया है.

  • नहीं होगी भारत-पाक द्विपक्षीय सीरीज

पाकिस्तान ने भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज दोबारा शुरू करने की इच्छा जताई, लेकिन आईसीसी ने इस मांग को स्पष्ट रूप से ठुकरा दिया. परिषद का कहना है कि दो देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज का निर्णय संबंधित क्रिकेट बोर्ड्स के अधिकार क्षेत्र में आता है, न कि आईसीसी के. गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज 2012 में खेली गई थी. उसके बाद दोनों टीमें केवल आईसीसी या एशियाई टूर्नामेंट्स में ही आमने-सामने हुई हैं.

हाइब्रिड मॉडल के तहत मुकाबला

ICC Champions Trophy 2025 के दौरान दोनों देशों के बोर्ड्स के बीच हाइब्रिड मॉडल पर सहमति बनी थी. उसी समझौते के तहत भारत-पाकिस्तान मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किए जा रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी यही मॉडल लागू रहेगा और 15 फरवरी का मुकाबला श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेला जाएगा. क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह मुकाबला हमेशा की तरह हाई-वोल्टेज रहने की उम्मीद है. राजनीतिक तनाव और कूटनीतिक मतभेदों के बावजूद मैदान पर भारत-पाक भिड़ंत वैश्विक क्रिकेट का सबसे बड़ा आकर्षण मानी जाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *