Bihar news : गृह मंत्री Samrat Choudhary ने बिहार में अति गंभीर अपराधियों के लिए हाई सिक्योरिटी जेल निर्माण की बड़ी घोषणा की है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पहाड़ी क्षेत्र में एक अत्याधुनिक उच्च सुरक्षा कारागार बनाएगी, जहां मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की सुविधा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी.
हाई सिक्योरिटी जेल बनाने का निर्णय
गृह मंत्री के अनुसार इस जेल तक पहुंचने के लिए केवल एक ही मार्ग होगा और उस रास्ते की कड़ी निगरानी की जाएगी. जेल परिसर को बाहरी दुनिया से पूरी तरह अलग रखा जाएगा, ताकि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति आसपास न भटक सके. इस विशेष कारागार में केवल अति गंभीर श्रेणी के अपराधियों को रखा जाएगा.सम्राट चौधरी ने कहा कि अपराधियों को जेल में रखने को लेकर अक्सर विवाद और अव्यवस्था की स्थिति बनती है. ऐसे में मुख्यमंत्री Nitish Kumar के निर्देश पर हाई सिक्योरिटी जेल बनाने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि गृह विभाग से जुड़े सभी महत्वपूर्ण निर्णय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ही लिए जाते हैं.
महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी का गठन
हालांकि यह जेल किस जिले में और किस स्थान पर बनेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है. गृह मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य पुलिस अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी अहम घोषणाएं की गईं. स्कूलों और कॉलेजों के साथ-साथ चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभया ब्रिगेड (पुलिस दीदी) का गठन किया गया है. इसके लिए 1500 स्कूटी और 3200 मोटरसाइकिल की व्यवस्था की जाएगी.
40 पुलिस लाइनों में जीविका दीदियों की रसोई
इसके अलावा राज्य की सभी 40 पुलिस लाइनों में जीविका दीदियों की रसोई शुरू की जाएगी. पुलिस कर्मियों के बच्चों की शिक्षा के लिए प्रत्येक पुलिस लाइन में एक-एक स्कूल खोलने की भी घोषणा की गई है. राज्य सरकार के इन फैसलों को कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.