Amit Shah Seemanchal visit : बिहार में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं, लेकिन केंद्र सरकार की नजर अब भी सीमावर्ती इलाकों पर टिकी हुई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 फरवरी से बिहार के सीमांचल क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं. यह दौरा पूर्णिया, किशनगंज और अररिया जैसे सीमावर्ती जिलों पर केंद्रित रहेगा, जहां वे सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक तैयारियों और जनसांख्यिकीय स्थिति की विस्तृत समीक्षा करेंगे.
सीमांचल पर फोकस क्यों?
सीमांचल क्षेत्र रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है. यह इलाका न केवल अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के करीब है, बल्कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर (जिसे आम बोलचाल में चिकन नेक कहा जाता है) से भी जुड़ा हुआ है, जो पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है. इस संवेदनशील भूभाग को लेकर केंद्र सरकार पहले भी चिंता जता चुकी है. पूर्व में ऐसी चर्चाएं भी हुई थीं कि बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों को मिलाकर एक केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने की संभावना पर विचार किया जा सकता है, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है.
प्रशासनिक बैठकों की श्रृंखला
गृह मंत्री 25 फरवरी को पूर्णिया पहुंचेंगे, जहां वे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे. इसके बाद वे किशनगंज और अररिया का दौरा करेंगे. प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी (डीएम), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की जाएगी. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इन बैठकों में सीमा सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम, खुफिया समन्वय और स्थानीय कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी.
घुसपैठ और डिटेक्ट, डिलीट, डिपोर्ट पर नजर
चुनाव प्रचार के दौरान घुसपैठ का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया था. विशेष रूप से रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध रूप से बिहार में निवास करने के आरोपों को लेकर राजनीतिक बहस तेज रही थी. इसी संदर्भ में डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट यानी कि पहचानो, मतदाता सूची से हटाओ और निर्वासित करो का नारा भी दिया गया था. हालांकि आधिकारिक तौर पर मतदाता सूची की विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अवैध नामों की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती जिलों में सतर्कता बनाए हुए हैं. गृह मंत्री का यह दौरा इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
वाइब्रेंट विलेज योजना की समीक्षा
नेपाल सीमा से सटे बिहार के कई जिले पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया और किशनगंज केंद्र सरकार की वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चिन्हित किए गए हैं. इस योजना के लिए लगभग 6900 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित है, जिसके अंतर्गत सीमावर्ती गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाना है. इन गांवों में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, इंटरनेट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है, ताकि सीमावर्ती आबादी का पलायन रुके और स्थानीय स्तर पर सामाजिक-आर्थिक सुदृढ़ीकरण हो सके. गृह मंत्री इस योजना की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे.
पार्टी की रणनीतिक नैरेटिव के लिए आगे की रणनीति
विपक्षी दलों ने इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से देखा है. उनका आरोप है कि घुसपैठ और जनसंख्या असंतुलन जैसे मुद्दों को उठाकर सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. हालांकि मीडिया रिपोर्ट में प्रशासनिक सूत्रों के हावाले से इसे पूरी तरह सुरक्षा और विकास संबंधी समीक्षा दौरा बताया जा रहा. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सीमांचल क्षेत्र में घुसपैठ के मुद्दे ने चुनावी माहौल को प्रभावित किया था. भारतीय जनता पार्टी को इस क्षेत्र में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन मिला, जिसे पार्टी की रणनीतिक नैरेटिव से जोड़कर देखा जा रहा है. गृह मंत्री पहले भी चुनाव प्रचार के दौरान पूर्णिया में कैंप कर चुके हैं और वहीं से अभियान का संचालन किया था.
क्या औपचारिक समीक्षा भर है तीन दिवसीय दौरा
गृह मंत्री के इस तीन दिवसीय दौरे को केवल एक औपचारिक समीक्षा भर नहीं माना जा रहा है. सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार ग्राउंड रियलिटी को समझने के लिए प्रशासनिक तंत्र के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों से भी फीडबैक ले रही है. विशेषज्ञों के अनुसार, इस दौरे के तात्कालिक परिणाम भले न दिखें, लेकिन आने वाले समय में सीमांचल क्षेत्र से संबंधित सुरक्षा, विकास और प्रशासनिक नीतियों में बदलाव या नई पहल की घोषणा संभव है. फिलहाल, यह दौरा सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा, जनसांख्यिकीय स्थिति और विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.