Bihar crime : आशिक ने जयमाला के बाद दुल्हन को मारी गोली…घटना का वीडियो वायल

Buxar news : बक्सर के चौसा क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जयमाला कार्यक्रम के बीच एक युवक ने मंच पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी, जिससे समारोह में अफरातफरी मच गई. घायल दुल्हन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज वाराणसी में चल रहा है.

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बारात बलिया से आई थी और जयमाला की रस्म चल रही थी. दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे को वरमाला पहनाने ही वाले थे, तभी एक युवक भीड़ को चीरते हुए स्टेज पर पहुंचा और दुल्हन पर फायरिंग कर दी. गोली दुल्हन के पेट में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ी. घटना के बाद शादी समारोह चीख-पुकार और भगदड़ में बदल गया. परिजनों और मौजूद लोगों ने तुरंत दुल्हन को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया.

परिवार का आरोप और आक्रोश

परिवार के सदस्यों का कहना है कि आरोपी पड़ोस का रहने वाला है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी दुल्हन का एकतरफा प्रेमी बताया जा रहा है. घटना के बाद से वह फरार है. परिजनों ने प्रशासन से जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार ने कर्ज लेकर शादी की तैयारी की थी और इस घटना ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है.

पुलिस कर रही मामले में आगे की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. बक्सर के पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा किया. पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *