पत्नी से नहीं कर पाया प्यार…दिनेश लाल यादव निरहुआ का बड़ा बयान, इस ऑन-स्क्रीन अभिनेत्री को बताया था अर्धांगिनी

Nirahua on Amrapali : भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर एक चौंकाने वाला बयान दिया है. एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि 26 साल बाद भी वह अपनी पत्नी से प्यार नहीं कर पाए हैं और अब तक केवल फर्ज निभा रहे हैं. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.

शादी जबरदस्ती कराई गई

निरहुआ ने बातचीत में बताया कि उनकी शादी परिवार की इच्छा से हुई थी. उन्होंने कहा कि वह पहले अपने करियर पर ध्यान देना चाहते थे, लेकिन माता-पिता के दबाव में साल 2000 में मंशा देवी से उनकी शादी कर दी गई. एक्टर के मुताबिक जीवनसाथी वही होना चाहिए जिससे आप प्रेम करते हों. मेरे साथ ऐसा नहीं हो सका. उन्होंने यह भी कहा कि इस बात की जानकारी उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को भी दे दी है, और बच्चों से कहा है कि वे वहीं शादी करें जहां प्रेम हो.

आम्रपाली दुबे संग रिश्तों पर फिर चर्चा

निरहुआ का नाम अक्सर भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के साथ जोड़ा जाता रहा है. दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शक खूब पसंद करते हैं, जिसके चलते कई बार उनके अफेयर और यहां तक कि गुपचुप शादी की अफवाहें भी उड़ीं. हालांकि, निरहुआ कई मौकों पर इन अटकलों को खारिज करते रहे हैं. ताजा बयान के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर निरहुआ और आम्रपाली के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

पत्नी के साथ कम सार्वजनिक उपस्थिति

निरहुआ अपनी निजी जिंदगी को आमतौर पर मीडिया से दूर रखते हैं. हाल ही में गृह प्रवेश पूजा की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें वह अपनी पत्नी के साथ नजर आए. यह पहला मौका था जब उनकी पत्नी की तस्वीरें व्यापक रूप से सोशल मीडिया पर वायरल हुईं. एक्टर के बयान पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग उनकी ईमानदारी की सराहना कर रहे हैं, तो कुछ इसे निजी जीवन का सार्वजनिक खुलासा मानते हुए आलोचना भी कर रहे हैं. फिलहाल, निरहुआ के इस बयान ने भोजपुरी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के बीच नई बहस छेड़ दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *