सुहागरात से पहले दुल्हन फरार..! गोपालगंज में शादी के नाम पर राजस्थान के दो युवकों से ₹5 लाख की ठगी

Bihar fake marriage : बिहार के गोपालगंज जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि राजस्थान के दो युवकों से शादी कराने के बहाने करीब पांच लाख रुपये ऐंठ लिए गए. शादी के तुरंत बाद विदाई के दौरान बदमाशों ने दूल्हों के साथ मारपीट की और दोनों दुल्हनों को अपने साथ लेकर फरार हो गए. पीड़ितों ने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान के जयपुर निवासी अंकित कुमार और सवाई माधोपुर निवासी प्रिंस शादी के इच्छुक थे. उनके घर के पास रहने वाले एक कथित दलाल ने बिहार में शादी कराने का झांसा दिया. आरोप है कि दलाल ने दोनों युवकों से दो-दो लाख रुपये नकद लिए. इसके अलावा शादी के खर्च के नाम पर अतिरिक्त रकम भी वसूली गई. इसके बाद दोनों युवक अपने परिजनों के साथ बस से गोपालगंज पहुंचे. वहां बंजारी मोड़ से दलाल का एक सहयोगी उन्हें जादोपुर रोड स्थित एक मैरिज हॉल में ले गया. भोजन के बाद दो युवतियों को बुलाया गया, जिन्होंने शादी के लिए सहमति जताई. पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया और वर-वधू की तस्वीरें भी खिंचवाई गईं.

विदाई के दौरान दुल्हनें फरार

शादी के बाद दोनों युवक अपनी-अपनी दुल्हन के साथ ऑटो से बस स्टैंड के लिए रवाना हुए. आरोप है कि बंजारी मोड़ के पास दो अपाची बाइक पर सवार चार युवकों ने ऑटो रोक लिया. बदमाशों ने दूल्हों के साथ मारपीट की और उनका सामान छीन लिया. इसी दौरान दोनों दुल्हनें भी हमलावरों के साथ फरार हो गईं. पीड़ितों का आरोप है कि दोनों दुल्हनें भी इस पूरे घटनाक्रम में शामिल थीं और पहले से साजिश का हिस्सा थीं.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद दोनों युवक नगर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पीड़ितों ने कथित दलाल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. नगर थाना अध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है. रिपोर्ट के मुताबिक गोपालगंज जिले में दूसरे राज्यों के लोगों को शादी के नाम पर बुलाकर ठगी करने का गिरोह सक्रिय है. शादी के बाद दुल्हन के भाग जाने या साथ जाने से इनकार करने के कई मामले सामने आ चुके हैं. करीब एक सप्ताह पहले भी राजस्थान के एक अधेड़ व्यक्ति के साथ इसी तरह की घटना हुई थी. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *