Pawan Singh wife : भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. ज्योति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए बिना नाम लिए अपने पति पर तंज कसा है. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि मैं खुद पर बहुत गर्व करती हूं. मैंने दिल को दिल ही रहने दिया, बाजार नहीं बनाया. इसे पवन सिंह पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी के तौर पर देखा जा रहा है.
ग्लैमरस वीडियो से खास मैसेज
ज्योति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक ग्लैमरस अंदाज में वीडियो पोस्ट किया, जिसमें बैकग्राउंड में गाना चल रहा है, मन में अब सवाल ही नहीं है, अब तो तेरा इंतजार ही नहीं है. इस पोस्ट के जरिए उन्होंने यह संकेत देने की कोशिश की है कि वह अब आगे बढ़ने के मूड में हैं. गौरतलब है कि पवन सिंह इन दिनों अपनी को-एक्टर महिमा सिंह के साथ नजदीकियों को लेकर भी सुर्खियों में हैं. दोनों की कथित गुपचुप शादी को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
कोर्ट में है तलाक का मामला
पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादीशुदा जिंदगी लंबे समय से विवादों में है. दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है. पवन सिंह ने तलाक की मांग की है, जबकि ज्योति सिंह ने साथ रहने की इच्छा जताई है. साथ ही उन्होंने अलग होने की स्थिति में एलिमनी की मांग भी रखी है. पिछली सुनवाई में पवन सिंह स्वास्थ्य कारणों से कोर्ट में उपस्थित नहीं हो सके थे. ज्योति के वकील का कहना है कि अगर अगली सुनवाई में भी वह पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी करने की मांग की जाएगी.
ज्योति की नई शुरुआत
इन सबके बीच ज्योति सिंह ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत का ऐलान किया है. उन्होंने अपना नया व्लॉग चैनल ज्योति सिस्टर व्लॉग लॉन्च किया है. एक वीडियो में वह अपनी बहन जूही के साथ नजर आईं, जहां दोनों चाय बनाते हुए बातचीत करती दिखीं. ज्योति ने बताया कि अब वह अपनी जिंदगी से जुड़े अपडेट्स और पर्सनल व्लॉग्स इसी चैनल के जरिए शेयर करेंगी. उन्होंने फैंस से सपोर्ट और प्यार की उम्मीद जताई है. अब सभी की नजरें कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां पवन सिंह और ज्योति सिंह के रिश्ते को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है.