ऑफिस की जल्दी में आप भी मिस करते हैं सुबह का नाश्ता ? जानिए क्या होता है इसका फायदा और नुकसान

Why Necessary Breakfast : स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह का नाश्ता सिर्फ भूख मिटाने का जरिया नहीं, बल्कि पूरे दिन की ऊर्जा और बेहतर सेहत की मजबूत नींव है. नियमित रूप से नाश्ता करने वाले लोग दिनभर अधिक सक्रिय, तरोताजा और मानसिक रूप से सतर्क रहते हैं.

नेशनल हेल्थ मिशन की सलाह

नेशनल हेल्थ मिशन के मुताबिक, रातभर के लंबे उपवास के बाद शरीर में ऊर्जा की कमी हो जाती है. सुबह का नाश्ता इस कमी को पूरा कर शरीर को तुरंत एनर्जी देता है. इससे मेटाबॉलिज्म सक्रिय होता है, जो दिनभर कैलोरी बर्न करने की प्रक्रिया को बेहतर बनाता है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर नाश्ता छोड़ दिया जाए तो मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ सकता है, जिससे वजन बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है.

मूड और मानसिक सेहत पर असर

पौष्टिक नाश्ता मूड को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभाता है. सुबह संतुलित आहार लेने से शरीर में सेरोटोनिन और डोपामाइन जैसे हार्मोन बेहतर तरीके से काम करते हैं, जिससे व्यक्ति तनावमुक्त और ऊर्जावान महसूस करता है. इसके उलट, नाश्ता छोड़ने से चिड़चिड़ापन, थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है.

वजन नियंत्रण में मददगार

अध्ययनों के अनुसार, जो लोग नियमित रूप से नाश्ता करते हैं, उनमें मोटापे का खतरा कम होता है. नाश्ता न करने पर दिन में ज्यादा भूख लगती है, जिससे अधिक खाने और जंक फूड की ओर रुझान बढ़ सकता है. विशेषज्ञ बताते हैं कि सुबह का पौष्टिक नाश्ता एकाग्रता, याददाश्त और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ाता है. स्कूल और कॉलेज के छात्रों के साथ-साथ ऑफिस जाने वालों के लिए यह बेहद जरूरी माना जाता है.

क्या खाएं नाश्ते में?

डाइट एक्सपर्ट्स के अनुसार, सुबह के नाश्ते में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर चीजें शामिल करनी चाहिए. इनमें दूध, फल, ओट्स, दलिया, उपमा, पोहा, इडली, पराठा और नट्स जैसे विकल्प शामिल किए जा सकते हैं.

नाश्ता न करने के नुकसान

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का स्पष्ट संदेश है कि सुबह का नाश्ता छोड़ना शरीर और दिमाग दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इसके साथ साथ ये दिक्कत भी होती है..

  • थकान और कमजोरी
  • एकाग्रता और याददाश्त में कमी
  • मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ना
  • वजन बढ़ने का खतरा
  • एसिडिटी, सिरदर्द और चक्कर आना
  • शुगर लेवल का अनियंत्रित होना

इसलिए बेहतर स्वास्थ्य के लिए दिन की शुरुआत संतुलित और पौष्टिक नाश्ते से करने की सलाह दी जाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *