Rajya Sabha Elections : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया गया है. उनके साथ भाजपा ने दलित नेता शिवेश कुमार राम को भी प्रत्याशी घोषित किया है. दोनों नेता 5 मार्च को अपना नामांकन दाखिल करेंगे.
दूसरी सीट पर भाजपा का दलित दांव
पटना के रहने वाले नितिन नवीन हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे. वे वर्तमान में पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं. राज्यसभा चुनाव की घोषणा के बाद से उनके संसद जाने की चर्चाएं तेज थीं. अब पार्टी की ओर से आधिकारिक सूची जारी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है. भाजपा ने बिहार से अपने कोटे की दूसरी सीट पर शिवेश कुमार राम को मौका दिया है. वे दलित वर्ग के प्रमुख नेता माने जाते हैं. पार्टी ने उन्हें लोकसभा चुनाव 2024 में सासाराम सीट से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि वे चुनाव हार गए थे. अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला किया है.
उपेंद्र कुशवाहा भी होंगे एनडीए उम्मीदवार
भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि नितिन नवीन और शिवेश कुमार राम के अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी एनडीए के राज्यसभा उम्मीदवार होंगे. वहीं दो अन्य सीटों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा होना बाकी है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया है कि बिहार की सभी पांचों सीटों पर एनडीए प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे.
16 मार्च को होगा मतदान
बिहार की पांच समेत देशभर की 37 राज्यसभा सीटों पर नामांकन प्रक्रिया जारी है. 5 मार्च नामांकन की अंतिम तिथि है, जबकि 16 मार्च को मतदान होगा. बिहार में जिन पांच सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें वर्तमान में तीन सांसद एनडीए और दो राष्ट्रीय जनता दल के हैं. मौजूदा विधानसभा संख्याबल के आधार पर एनडीए की चार सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है. हालांकि पांचवीं सीट के लिए उसे तीन अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी. विपक्षी दलों की ओर से आरजेडी ने भी अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है. महागठबंधन के पास भी पर्याप्त संख्या नहीं होने के कारण 16 मार्च को मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.