कौन हैं शिवेश कुमार राम..? जिन्हें भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए बनाया अपना उम्मीदवार

Who is Shivesh Ram : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ सासाराम से आने वाले वरिष्ठ नेता शिवेश कुमार राम को उम्मीदवार बनाकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है. शिवेश कुमार राम का चयन न केवल उनकी लंबे समय से चली आ रही संगठनात्मक सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है, बल्कि इसे बिहार में दलित मतदाताओं को साधने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है. वे पूर्व केंद्रीय मंत्री और कद्दावर दलित नेता मुन्नी लाल के पुत्र हैं और राजनीतिक रूप से उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं.

कौन हैं शिवेश कुमार राम?

शिवेश कुमार राम भाजपा के वरिष्ठ संगठनात्मक नेता हैं और बिहार के पूर्व विधायक रह चुके हैं. वर्तमान में वे बिहार भाजपा के प्रदेश महामंत्री हैं. इससे पहले वे प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार उनका चयन जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है. संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और दलित समुदाय से उनका संबंध भाजपा की सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति को मजबूत कर सकता है.

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें सासाराम (अनुसूचित जाति) सीट से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि वे चुनाव नहीं जीत सके. इससे पहले उन्होंने 2010 के बिहार विधानसभा चुनाव में भोजपुर जिले के अगिआंव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी और 2010 से 2015 तक विधायक रहे. शिवेश कुमार राम संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय माने जाते हैं और सोशल मीडिया पर भी उनकी मौजूदगी देखी जाती है.

क्या रणनीतिक संदेश देना चाहती है भाजपा

राज्यसभा के लिए नितिन नवीन और शिवेश कुमार राम की उम्मीदवारी को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है. बिहार में भाजपा के पास पर्याप्त विधायक समर्थन होने के कारण दोनों नेताओं का उच्च सदन जाना लगभग तय माना जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम खासकर सासाराम और भोजपुर क्षेत्र में दलित समुदाय के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने की दिशा में उठाया गया है. भाजपा ने एक बार फिर संकेत दिया है कि वह चुनावी रणनीति में सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक निष्ठा दोनों को समान महत्व दे रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *