Nishant Kumar : बिहार की राजनीति में इन दिनों एक नया नाम तेजी से चर्चा में है, निशांत कुमार. जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद उनकी सक्रियता लगातार बढ़ती दिख रही है. हाल ही में उन्होंने अपने पैतृक गांव कल्याण बीघा (नालंदा) का दौरा किया, जहां कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया.
पैतृक गांव पहुंचे निशांत कुमार
जेडीयू जॉइन करने के बाद पहली बार गांव पहुंचे निशांत कुमार ने स्थानीय लोगों से मिलकर उनका हालचाल जाना. गांव में उनके आगमन को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला. ग्रामीणों ने नारे लगाकर उनका स्वागत किया और कई लोगों ने उनसे भविष्य को लेकर उम्मीदें भी जताईं. निशांत ने इस दौरान कहा कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने बताया कि उनका बचपन भी इसी गांव में बीता है, जिससे उनका भावनात्मक जुड़ाव आज भी कायम है.
महिलाओं ने दी शादी की सलाह
गांव की महिलाओं ने उनसे खुलकर बातचीत की और उन्हें शादी कर परिवार आगे बढ़ाने की सलाह दी. इस पर निशांत कुमार थोड़ा शर्माते हुए मुस्कुराए और बात को हल्के अंदाज में टालते नजर आए. हालांकि इस पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि सब ठीक है ना? और आगे बढ़ गए. दौरे के दौरान कुछ समर्थकों ने हमारा सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो,जैसे नारे भी लगाए. इससे साफ है कि कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच उनके प्रति उम्मीदें बढ़ती जा रही हैं.
सक्रिय राजनीति में बड़ी भूमिका की तैयारी कर
8 मार्च को जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद से निशांत कुमार लगातार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं. ऐसे में अब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि वे भविष्य में सक्रिय राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. अब देखना होगा कि क्या निशांत कुमार अपने पिता की राजनीतिक विरासत को उसी मजबूती से आगे बढ़ा पाते हैं या नहीं.