जेल से बाहर आएंगे अनंत सिंह ? राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए पुलिस कस्टडी में पहुंचेंगे विधानसभा

Anant singh : बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. चार सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन पांचवीं सीट को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. संख्या बल के लिहाज से पांचवीं सीट का परिणाम बेहद अहम हो गया है.

चार सीटों की जरूरत को छोड़कर एनडीए के पास 38 विधायक हैं, जबकि महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं. ऐसे में एआईएमआईएम के 5 और बीएसपी के 1 विधायक दोनों गठबंधनों के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं. राजनीतिक दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने विधायकों को एकजुट और मतदान के दिन विधानसभा तक पहुंचाना है, क्योंकि यह पूरी तरह नंबर गेम का मामला बन गया है.

पुलिस कस्टडी में विधानसभा पहुंचेंगे अनंत सिंह

इस बीच, मोकामा से विधायक अनंत सिंह, जो फिलहाल एक हत्या मामले में जेल में बंद हैं, को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा कि 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव में वे पुलिस कस्टडी में विधानसभा पहुंचकर मतदान करेंगे. मीडिया सूत्रों के अनुसार, अनंत सिंह को जेल से सीधे पुलिस सुरक्षा में विधानसभा लाया जाएगा, जहां वे अपना वोट डालने के बाद वापस जेल भेज दिए जाएंगे.

पहले भी पुलिस कस्टडी में ली थी शपथ

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भी अनंत सिंह ने पुलिस कस्टडी में ही विधायक पद की शपथ ली थी. इसी तरह इस बार भी वे कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा पहुंचेंगे. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पांचवीं सीट के नतीजे में हर एक वोट की अहमियत है. ऐसे में सभी दल अपने विधायकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं. अब नजरें 16 मार्च पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि पांचवीं राज्यसभा सीट किस गठबंधन के खाते में जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *