Bihar Weather Update : मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है. पिछले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हुई हल्की बारिश की वजह से तापमान सामान्य बना रहा. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. राज्य के कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, शेखपुरा, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, गया और राजधानी पटना समेत कई जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है. बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी देखी गई.
16 से 19 मार्च तक भी मौसम रहेगा अस्थिर
मौसम विभाग ने बताया है कि 15 मार्च के अलावा 16, 17, 18 और 19 मार्च को भी कई जिलों में बारिश और तेज हवा का प्रभाव जारी रह सकता है. इसलिए लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.नागरिकों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.