Rajya Sabha Election : बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए मतदान सोमवार शाम 4 बजे समाप्त हो गया. इस चुनाव में महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उसके चार विधायकों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया. इससे महागठबंधन के मतों की संख्या घटकर 37 पर ही रुक गई. मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक फैसल रहमान ने वोट नहीं डाला. वहीं कांग्रेस के तीन विधायक मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास भी मतदान से अनुपस्थित रहे. इन चार विधायकों के वोट नहीं डालने से महागठबंधन की रणनीति को बड़ा नुकसान पहुंचा है.
एनडीए के सभी 202 विधायकों ने किया मतदान
दूसरी ओर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी 202 विधायकों ने मतदान किया. ऐसे में एनडीए के पांचवें उम्मीदवार शिवेश कुमार की जीत लगभग तय मानी जा रही है. अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्हें करीब 38 वोट मिल सकते हैं, जबकि राजद समर्थित उम्मीदवार एडी सिंह को 37 वोट मिलने की संभावना जताई जा रही है.
विधायकों की अनुपस्थिति ने बदला समीकरण
मतदान समाप्त होने के बाद अब मतगणना शुरू होने वाली है, जिसके बाद आधिकारिक परिणाम घोषित किए जाएंगे. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि मौजूदा रुझान बरकरार रहे, तो राज्यसभा की सभी पांच सीटें एनडीए के खाते में जा सकती हैं. इस चुनाव से पहले विपक्षी दलों के बीच सीट बचाने को लेकर कई दौर की बातचीत हुई थी. यहां तक कि अन्य दलों के समर्थन को लेकर भी प्रयास किए गए, लेकिन मतदान के दिन कुछ विधायकों की अनुपस्थिति ने समीकरण बदल दिए.