Anant Singh News : बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने सक्रिय चुनावी राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने कहा कि उनका वर्तमान कार्यकाल ही आखिरी होगा और इसके बाद वे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे.
राजनीतिक विरासत संभालेगा बेटा
जेल से वोट डालने पहुंचे अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजनीति में नहीं रहेंगे तो वे भी चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार जो भी राजनीतिक फैसला लेंगे, उन्हें स्वीकार होगा. यहां तक कि यदि भाजपा का कोई मुख्यमंत्री बनता है या नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाता है, तो भी वे उस निर्णय का समर्थन करेंगे. अनंत सिंह ने यह भी कहा कि भविष्य में उनका बड़ा बेटा चुनावी राजनीति में उतर सकता है और वही उनकी राजनीतिक विरासत संभालेगा.
मोकामा की राजनीति में बड़ा बदलाव
गौरतलब है कि अनंत सिंह इस समय दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में जेल में बंद हैं. आरोप है कि बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उनके समर्थकों ने उनकी मौजूदगी में दुलारचंद यादव की हत्या कर दी थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था. हालांकि जेल में रहने के बावजूद उन्होंने चुनाव जीता और विधायक बने रहे. उनके इस ऐलान के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है और आने वाले समय में मोकामा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.