सरप्राइज या शॉक…IPL 2026 से पहले बड़ा सस्पेंस, क्या बदलने वाला हैं महेंद्र सिंह धोनी का जर्सी नंबर?

MS Dhoni new jersey : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरू होने से ठीक पहले क्रिकेट फैंस के बीच एक नई चर्चा ने जोर पकड़ लिया है. चर्चा का विषय है पूर्व भारतीय कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी का जर्सी नंबर. लंबे समय से नंबर 7 की जर्सी पहनने वाले धोनी को लेकर अब कयास लगाए जा रहे हैं कि वह आगामी सीजन में अपना जर्सी नंबर बदल सकते हैं.

क्यों हो रही चर्चा

दरअसल, यह चर्चा धोनी के एक फेसबुक पोस्ट के सामने आने के बाद शुरू हुई है. अपने पोस्ट में उन्होंने संकेत दिया कि वह जर्सी नंबर 7 को छोड़कर नंबर 8 अपनाने जा रहे हैं. उन्होंने लिखा कि कुछ नंबर आपके साथ रहते हैं. 7 उनमें से एक है. लेकिन अब मैं नंबर 7 को नंबर 8 से स्विच कर रहा हूं. ऐसा क्यों, इसके बारे में आप जल्द ही जान जाएंगे. इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है. धोनी ने हालांकि नंबर बदलने की वजह का खुलासा नहीं किया है, जिससे सस्पेंस और बढ़ गया है. फैंस अब इस फैसले के पीछे की असली कहानी जानने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. गौरतलब है कि धोनी के पूरे अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल करियर में उन्हें हमेशा नंबर 7 की जर्सी में ही देखा गया है. यही वजह है कि क्रिकेट जगत में नंबर 7 को धोनी की पहचान माना जाता है.

रवींद्र जडेजा पहनते थे नंबर 8 की जर्सी

इसी बीच एक और दिलचस्प पहलू सामने आ रहा है. चेन्नई सुपर किंग्स में पहले नंबर 8 की जर्सी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा पहनते थे. लेकिन हाल ही में उनके राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड किए जाने के बाद यह नंबर अब खाली हो गया है. ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि धोनी उसी स्लॉट को भर सकते हैं. हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी तक इस बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई है. आईपीएल 2026 के आगाज से पहले धोनी के इस संभावित फैसले ने टूर्नामेंट को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है. अब सभी की निगाहें धोनी के अगले बयान और चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं. फिलहाल, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या वाकई क्रिकेट के कैप्टन कूल इस बार नई जर्सी नंबर के साथ मैदान में उतरेंगे या यह कोई और रणनीति है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *