MS Dhoni Role for CSK : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने धोनी की बल्लेबाजी पोजिशन और टीम में उनकी भूमिका पर बड़ा बयान दिया है.
धोनी को ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी की सलाह
जियोस्टार से बातचीत में डिविलियर्स ने कहा कि CSK एक मजबूत ब्रांड बन चुका है, जिसमें धोनी का योगदान बेहद अहम रहा है. उनका मानना है कि जब भी CSK का नाम लिया जाता है, तो सबसे पहले धोनी का ही ख्याल आता है. हालांकि उन्होंने पिछले कुछ सीजन में धोनी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह 8वें या 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आते हैं और कप्तानी भी नहीं कर रहे होते, तो उनका प्रभाव कम हो जाता है.डिविलियर्स ने स्पष्ट कहा कि धोनी को नंबर 6 से नीचे बल्लेबाजी नहीं करनी चाहिए. उनका मानना है कि धोनी में अब भी मैच फिनिश करने की क्षमता है, लेकिन इसके लिए उन्हें बड़े मौकों पर ऊपर आकर जिम्मेदारी लेनी होगी.
अनिल कुंबले ने फैसले का किया समर्थन
इस बीच IPL 2026 ऑक्शन से पहले CSK द्वारा संजू सैमसन को टीम में शामिल किए जाने को भी बड़ा कदम माना जा रहा है. डिविलियर्स ने सैमसन को भविष्य का लीडर बताते हुए कहा कि वह टीम को नई दिशा दे सकते हैं. पूर्व भारतीय स्पिनर अनिल कुंबले ने भी इस बदलाव का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट में एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को नेतृत्व सौंपने की परंपरा रही है. उनके अनुसार, सैमसन शानदार फॉर्म में हैं और हालिया अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत की जीत में उनकी अहम भूमिका रही है. कुंबले ने यह भी कहा कि सैमसन CSK के फैंस से बेहतर जुड़ाव बना सकते हैं. साथ ही, उनके पास कप्तानी का अनुभव भी है, क्योंकि वह लंबे समय तक अपनी फ्रेंचाइज़ी टीम का नेतृत्व कर चुके हैं.
क्या सैमसन संभालेंगे विकेटकीपिंग और कप्तानी?
पिछले सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ ने CSK की कप्तानी की थी, लेकिन टीम को बीच-बीच में चोट और अन्य कारणों से नेतृत्व बदलाव की चुनौती का सामना करना पड़ा. ऐसे में कुंबले ने संकेत दिए कि जरूरत पड़ने पर सैमसन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं और भविष्य में कप्तान की भूमिका में भी नजर आ सकते हैं. उन्होंने अंत में कहा कि धोनी की विरासत हमेशा कायम रहेगी, लेकिन किसी भी टीम को समय के साथ आगे बढ़ना होता है. CSK के लिए भी यह भविष्य की योजना बनाने का सही समय है. कुल मिलाकर देखें तो IPL 2026 से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या धोनी अपनी बल्लेबाजी क्रम में बदलाव कर फिर से मैच फिनिशर की भूमिका में चमक दिखा पाएंगे.