बिहार शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में होने जा रहा है बड़ा बदलाव…अब जिलावार होगी अभ्यर्थियों की भर्ती

Bihar bpsc teacher recruitment : बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति (TRE-4) प्रक्रिया में इस बार बड़े बदलाव किए जा रहे हैं. नई व्यवस्था के तहत अब शिक्षक भर्ती के लिए रिक्तियां जिलावार निकाली जाएंगी और अभ्यर्थियों को उनकी मेधा (मेरिट) के आधार पर जिला आवंटित किया जाएगा.

क्या है नया बदलाव?

इस बार आवेदन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को सिर्फ 3 नहीं, बल्कि बिहार के सभी 38 जिलों का विकल्प भरने का अवसर मिलेगा. हालांकि, यदि कोई अभ्यर्थी जिला विकल्प नहीं भरता है, तो उसे किसी भी जिले के लिए चयनित नहीं किया जाएगा. रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट सूची के अनुसार जिला आवंटित किया जाएगा. इसमें आरक्षण रोस्टर का भी पूरी तरह पालन किया जाएगा. जिस जिले में जितनी रिक्तियां होंगी, उसी अनुपात में चयन किया जाएगा.

अल्फाबेट सिस्टम खत्म करने की तैयारी

TRE-4 में पहले इस्तेमाल किए गए अल्फाबेटिकल सिस्टम को हटाने की तैयारी है. इसका उद्देश्य भविष्य में ट्रांसफर से जुड़ी समस्याओं को कम करना है. नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को जिस जिले में नियुक्ति मिलेगी, वहीं कार्य करना होगा. हाल ही में शिक्षा विभाग और BPSC के बीच इस बदलाव को लेकर बैठक हुई है. कुछ अन्य संशोधनों पर भी अभी चर्चा जारी है. अंतिम सहमति मिलने के बाद ही आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा.

कब आएगा नोटिफिकेशन?

संभावना जताई जा रही है कि TRE-4 का विज्ञापन अप्रैल 2026 में जारी हो सकता है. इस चरण में कुल 46,595 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. जिसमें शिक्षा विभाग में लगभग 45,000 पद (कक्षा 1 से 12 तक) और अन्य विभाग (पिछड़ा वर्ग, अतिपिछड़ा वर्ग, SC/ST, अल्पसंख्यक कल्याण) में करीब 1,559 पद पर नियुक्ति की जाएगी. इस बार की नई प्रणाली से भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होने की उम्मीद है, साथ ही भविष्य में ट्रांसफर से जुड़ी जटिलताओं को भी कम किया जा सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *