Ishan Kishan : आईपीएल 2026 के आगाज से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने टीम नेतृत्व को लेकर बड़ा फैसला लिया है. नियमित कप्तान पैट कमिंस के चोटिल होने के कारण टीम सीजन (IPL 2026) की शुरुआत एक नए कप्तान के साथ करेगी. फ्रेंचाइजी ने घोषणा की है कि कमिंस की वापसी तक ईशान किशन टीम की कमान संभालेंगे, जबकि अभिषेक शर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है.
ईशान किशन होंगे SRH के अंतरिम कप्तान
इस फैसले के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस में उत्साह देखने को मिल रहा है, लेकिन साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या ईशान किशन आईपीएल जैसे बड़े मंच पर कप्तानी के दबाव को संभाल पाएंगे, और इसका असर उनकी बल्लेबाजी पर पड़ेगा या नहीं. हालांकि, आंकड़े और हालिया प्रदर्शन इस बात का संकेत देते हैं कि ईशान किशन इस जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उनका चयन केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालिया सफलता के आधार पर नहीं, बल्कि घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के कारण किया गया है.
ईशान की कप्तानी में झारखंड ने जीता सैयद मुश्ताक ट्रॉफी
दरअसल, टीम इंडिया में उनकी वापसी भी घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के चलते ही संभव हो पाई थी. 2026 की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप के लिए उनके चयन ने कई लोगों को चौंकाया था, लेकिन उस समय किशन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे थे. उनकी कप्तानी में झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीता. टीम ने 11 में से 10 मैच जीतते हुए फाइनल तक का सफर तय किया, जिसमें किशन का योगदान बतौर कप्तान और बल्लेबाज दोनों रूपों में अहम रहा.
29 मैचों में 24 में जीत
टी20 क्रिकेट में उनके कप्तानी रिकॉर्ड की बात करें तो 2019 से अब तक उन्होंने 29 मैचों में टीम का नेतृत्व किया है, जिनमें से 24 में जीत और सिर्फ 5 में हार मिली है. यह आंकड़े उनके नेतृत्व कौशल को दर्शाते हैं. खास बात यह है कि कप्तानी का दबाव उनके प्रदर्शन पर नकारात्मक असर नहीं डालता, बल्कि वह इस भूमिका में और बेहतर खेलते नजर आते हैं. बतौर कप्तान 29 टी20 मैचों में उन्होंने 43.12 की औसत से 1,078 रन बनाए हैं. उनकी सात टी20 शतकों में से चार शतक कप्तानी करते हुए आए हैं. इन आंकड़ों को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि ईशान किशन न केवल कप्तानी के लिए तैयार हैं, बल्कि इस भूमिका में टीम के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं.