मुख्यमंत्री पद को लेकर संकेतों से सस्पेंस..अगले CM के लिए नीतीश कुमार को नहीं मिल रहा पसंद का उम्मीदवार ?

Bihar next cm : बिहार की राजनीति में इन दिनों अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं. खासकर Nitish Kumar के हालिया बयानों और इशारों ने इस मुद्दे को और उलझा दिया है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से ही अगला मुख्यमंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन चेहरा कौन होगा इस पर स्थिति साफ नहीं हो पा रही.

अलग-अलग मंचों से अलग संकेत

पिछले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान कई नेताओं को आगे बढ़ाने के संकेत दिए हैं. जमुई में उन्होंने उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary की सार्वजनिक रूप से सराहना की और कहा कि आगे यही सब संभालेंगे. इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में यह संदेश गया कि सम्राट चौधरी उनकी पसंद हो सकते हैं. हालांकि, अगले ही दिन लखीसराय में तस्वीर बदलती नजर आई. वहां नीतीश कुमार ने दूसरे उपमुख्यमंत्री Vijay Kumar Sinha को प्रमुखता देते हुए उन्हें अपने पास खड़ा किया, जिससे नए कयास शुरू हो गए. इसके बाद गया में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री Jitan Ram Manjhi के साथ नजदीकी दिखाई, जिससे भ्रम और गहरा गया.

सहयोगियों के बयान से भी साफ नहीं तस्वीर

जेडीयू के वरिष्ठ नेता Vijay Kumar Choudhary ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नीतीश कुमार हमेशा अपने सहयोगियों को आगे बढ़ाते हैं और यह कोई नई बात नहीं है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इन बयानों को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए. वहीं नालंदा से आने वाले नेता Shravan Kumar ने कहा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है. उनका कहना है कि अंतिम फैसला एनडीए के शीर्ष नेतृत्व और नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही लिया जाएगा.

राज्यसभा सदस्यता पर भी फैसला बाकी

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अंतिम निर्णय एनडीए नेतृत्व जिसमें Narendra Modi और Amit Shah शामिल हैं, के स्तर पर लिया जा सकता है. ऐसे में यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या नीतीश कुमार की व्यक्तिगत पसंद को अंतिम निर्णय में प्राथमिकता मिलेगी. इसी बीच नीतीश कुमार को 30 मार्च से पहले यह भी तय करना है कि वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे या बिहार विधान परिषद (एमएलसी) की सदस्यता बनाए रखेंगे. राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, उनके राज्यसभा जाने की संभावना अधिक है, जिससे आगे की राजनीतिक रणनीति पर भी असर पड़ सकता है. फिलहाल, बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है. नीतीश कुमार के लगातार बदलते संकेतों ने सस्पेंस और बढ़ा दिया है. आने वाले दिनों में एनडीए की रणनीति और नेतृत्व के फैसले इस राजनीतिक पहेली को सुलझा सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *