चेपॉक में धोनी-धोनी की गूंज…आईपीएल 2026 से पहले एक बार फिर चेन्नई में दिखी थाला की दिवानगी

Ms dhoni : IPL 2026 से पहले महेंद्र सिंह धोनी का जादू एक बार फिर चेन्नई में देखने को मिला. चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा आयोजित ‘रोर 2026’ कार्यक्रम के दौरान जैसे ही धोनी ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में कदम रखा, पूरा स्टेडियम माही, माही के नारों से गूंज उठा. रोर 2026 कार्यक्रम में चेन्नई के कई पूर्व सितारे भी शामिल हुए. माइकल हसी ने बल्लेबाजी करते हुए शानदार शॉट लगाए, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ गेंदबाजी करते नजर आए. इसके अलावा अंबाती रायडू, सुरेश रैना, हरभजन सिंह, मैथ्यू हेडन और मुथैया मुरलीधरन जैसे दिग्गज भी मैदान पर दिखे.

फैंस हुए भावुक

धोनी की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कुछ फैंस भावुक होते नजर आए, यहां तक कि एक महिला फैन की आंखों में आंसू आ गए. ऐसी चर्चा है कि बतौर खिलाड़ी यह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है. हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन फैंस के बीच यह विषय लगातार चर्चा में बना हुआ है.

टीम में नए बदलाव

आईपीएल 2026 में चेन्नई की कमान ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में होगी. इस सीजन टीम में संजू सैमसन को भी शामिल किया गया है, जो हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे. गौरतलब है कि आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था. टीम 14 में से केवल 4 मैच जीतकर अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही थी. चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी. टीम इस बार पिछले सीजन की गलतियों से सीख लेकर मजबूत वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *