बिहार की राजनीति में बड़े फेरबदल से सत्ता बदलने की तैयारी पूरी…जानें क्या होगा नई सरकार का संभावित ढांचा

Bihar politics : बिहार की राजनीति में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर नई शक्ति-संतुलन व्यवस्था पर सहमति बनती दिख रही है. इस प्रस्तावित फार्मूले के तहत नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में अब तक सहयोगी रहे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बड़े भाई की भूमिका में आ सकती है, जबकि जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की भूमिका अपेक्षाकृत सीमित हो सकती है. मीडिया सूत्रों के अनुसार नए समीकरण में मुख्यमंत्री पद बीजेपी के खाते में जा सकता है. अब तक जेडीयू नेतृत्व में चल रही सरकार में यह एक बड़ा बदलाव होगा. वहीं, जेडीयू को संतुलन बनाए रखने के लिए दो उपमुख्यमंत्री पद दिए जाने की चर्चा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए गठबंधन के भीतर भूमिकाओं को पुनर्परिभाषित करने का प्रयास है.

राज्यसभा सदस्य के रूप में नया कार्यकाल

खबरों के मुताबिक नीतीश कुमार 10 अप्रैल से राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना नया कार्यकाल शुरू कर सकते हैं. इससे पहले वे मुख्यमंत्री पद और विधान परिषद की सदस्यता छोड़ सकते हैं. रिपोर्ट में जेडीयू सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा कि नीताश केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बजाय राज्यसभा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे. साथ ही, वे राज्य की राजनीति में मार्गदर्शक की भूमिका में बने रहेंगे और पार्टी संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने पर ध्यान देंगे.

नई सरकार का संभावित ढांचा

इस पूरे घटनाक्रम में निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में संभावित एंट्री भी चर्चा का विषय बनी हुई है. सूत्रों के अनुसार उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. दूसरे उपमुख्यमंत्री के रूप में जेडीयू के किसी वरिष्ठ नेता को जिम्मेदारी दी जा सकती है. प्रस्तावित फार्मूले के तहत सरकार की संरचना कुछ इस प्रकार हो सकती है:

  • मुख्यमंत्री पद: बीजेपी
  • बीजेपी के मंत्री: 15
  • जेडीयू के मंत्री: 16 (जिसमें 2 उपमुख्यमंत्री शामिल)
  • गृह मंत्रालय: बीजेपी के पास
  • विधानसभा अध्यक्ष: बीजेपी
  • विधान परिषद सभापति: जेडीयू

इसके अलावा सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व मिलेगा

  • लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) – 2 मंत्री पद
  • राष्ट्रीय लोक पार्टी (आरएलपी) – 1 मंत्री पद
  • हम (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) – 1 मंत्री पद

सम्राट चौधरी को लेकर अटकलें तेज

हाल ही में जमुई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये बिहार को संभालेंगे और राज्य आगे बढ़ेगा. इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं कि क्या उन्हें भविष्य के मुख्यमंत्री के तौर पर तैयार किया जा रहा है. इससे पहले सहारसा में भी नीतीश कुमार द्वारा सम्राट चौधरी के साथ सार्वजनिक मंच साझा करने और संकेत देने को राजनीतिक संदेश के रूप में देखा गया था. हालांकि, जेडीयू ने इन अटकलों को खारिज किया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को अपना उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया है.

आगे की राजनीति पर असर

यदि यह प्रस्तावित बदलाव लागू होता है, तो यह न केवल बिहार की वर्तमान सत्ता संरचना को बदल देगा, बल्कि गठबंधन के भीतर शक्ति संतुलन को भी पूरी तरह नया रूप देगा. नई सरकार का फोकस चुनावी वादों को पूरा करने के साथ-साथ 2029 के लोकसभा और 2030 के विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत राजनीतिक आधार तैयार करना बताया जा रहा है. फिलहाल, सभी की नजरें इस संभावित राजनीतिक फेरबदल पर टिकी हैं, जो आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति की दिशा तय कर सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *