Bihar next cm : बिहार की राजनीति में इन दिनों अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं. मौजूदा घटनाक्रम और नेताओं के बयानों को देखते हुए सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है, लेकिन अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ भी तय नहीं हुआ है.
क्या सम्राट चौधरी हैं पहली पसंद?
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पसंद भी सम्राट चौधरी हो सकते हैं. वे फिलहाल बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है. हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की कार्यशैली को देखते हुए पर्ची सिस्टम की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. इससे पहले राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में अचानक नए चेहरों को मुख्यमंत्री बनाया गया था, जिसने सभी को चौंका दिया था. केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने हाल ही में इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि वे खुद मुख्यमंत्री पद की रेस में नहीं हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से हो. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि एनडीए गठबंधन के भीतर इस मुद्दे पर चर्चा हो चुकी है और जल्द ही नाम की घोषणा हो सकती है.
क्या एनडीए में बन चुकी है सहमति?
चिराग पासवान के अनुसार, एनडीए के घटक दलों के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर मोटा-मोटी सहमति बन चुकी है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि अंतिम फैसला सिर्फ बीजेपी करेगी या इसमें नीतीश कुमार और अन्य सहयोगी दलों की भी भूमिका होगी. सम्राट चौधरी के अलावा कुछ अन्य नाम भी चर्चा में हैं, जिनमें नित्यानंद राय और संजीव चौरसिया का नाम भी प्रमुख रूप से शामिल हैं. इन नेताओं के नाम सामने आने से राजनीतिक हलकों में उत्सुकता और बढ़ गई है. बीजेपी की राजनीति में पर्ची यानी अचानक नाम घोषित करने की परंपरा भी चर्चा में है. ऐसे में यह संभव है कि अंतिम समय में कोई अप्रत्याशित नाम सामने आ जाए.
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
फिलहाल स्थिति साफ नहीं है. संकेत जरूर मिल रहे हैं कि फैसला हो चुका है, लेकिन आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. अब देखना होगा कि क्या सम्राट चौधरी ही मुख्यमंत्री बनते हैं या फिर बीजेपी कोई नया चेहरा सामने लाती है, या एनडीए मिलकर कोई सर्वसम्मत नाम तय करता है. बिहार की राजनीति में यह सस्पेंस आने वाले दिनों में खत्म हो सकता है, लेकिन फिलहाल सभी की नजरें अंतिम घोषणा पर टिकी हैं.