Tejashwi yadav : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इसकी विफलता का असर देश की आम जनता पर पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि गलत नीतियों के कारण पेट्रोल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है और आने वाले समय में यह और बढ़ सकती हैं.
बिहार में कानून-व्यवस्था पर सवाल
पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार केवल अपने हितों पर ध्यान दे रही है और देशहित की अनदेखी कर रही है. उन्होंने दावा किया कि सरकार की विदेश नीति पूरी तरह फ्लॉप रही है. उन्होंने यह भी कहा कि जब पाकिस्तान के साथ तनाव की स्थिति थी, तब कोई भी पड़ोसी देश भारत के समर्थन में खड़ा नहीं दिखा, जो कूटनीतिक विफलता को दर्शाता है. तेजस्वी यादव ने राज्य में बढ़ते अपराधों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने मुजफ्फरपुर के गायघाट में हुई एक हत्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसमें स्थानीय थानेदार की भूमिका सामने आ रही है. उनके अनुसार, आरोपी पुलिस अधिकारी कथित रूप से नशे में था और उसने गोली चलाई. उन्होंने कहा कि इस घटना से स्पष्ट है कि पुलिस-प्रशासन पर सरकार का नियंत्रण कमजोर हो चुका है और राज्य में अराजकता का माहौल बन गया है. तेजस्वी ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला, तो उनकी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी.
पश्चिम एशिया संकट पर सर्वदलीय बैठक
वहीं पश्चिम एशिया में जारी संकट को लेकर बुधवार को संसद भवन में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई. बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री Kiren Rijiju ने बताया कि सरकार ने सभी दलों को मौजूदा स्थिति की विस्तृत जानकारी दी. करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में विपक्ष ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों का समर्थन किया. रिजिजू ने कहा कि विपक्षी नेताओं ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में वे सरकार के साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि विस्तृत जानकारी साझा किए जाने के बाद विपक्ष को अतिरिक्त जानकारी की आवश्यकता नहीं होगी.