बिहार में बदलने वाला है मौसम का मिजाज…31 मार्च तक बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट

Bihar Weather : बिहार में मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में 31 मार्च तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. ऐसे में लोगों को घर से निकलते समय सतर्क रहने और छाता साथ रखने की सलाह दी गई है. गुरुवार को पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा सीतामढ़ी, मधुबनी, शिवहर, सुपौल, अररिया और किशनगंज में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.

27 और 28 मार्च को पूरे राज्य में असर

27 मार्च को बिहार के अधिकांश हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान है. इस दौरान सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है. 28 मार्च को भी लगभग पूरे राज्य में बारिश जारी रह सकती है, जिससे मौसम और अधिक ठंडा व नम हो जाएगा. 29 मार्च को राज्य में मौसम शुष्क रह सकता है. हालांकि यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी. 30 मार्च को उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. 31 मार्च को भी उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है.

वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27 मार्च को उत्तर-पूर्व, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में मेघगर्जन, वज्रपात और 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं 28 मार्च को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों में वज्रपात, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. मौसम के इस अचानक बदलाव से आम जनजीवन के साथ-साथ कृषि कार्यों पर भी असर पड़ सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *