lockdown india : देश में एक बार फिर लॉकडाउन लगने की चर्चाएं सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही हैं. कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि ईरान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय तनाव और संभावित ईंधन संकट के कारण भारत को दोबारा लॉकडाउन का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि, सरकार और तेल कंपनियों की ओर से जारी ताजा जानकारी इन दावों को गलत और भ्रामक बताती है.
क्या है अफवाह की वजह?
दरअसल, यह भ्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 23 मार्च को लोकसभा में दिए गए एक बयान के बाद शुरू हुआ. अपने संबोधन में उन्होंने वैश्विक हालात को देखते हुए देश को सतर्क और तैयार रहने की बात कही थी. प्रधानमंत्री ने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए एकजुटता और संयम बनाए रखने की अपील की थी. हालांकि, उन्होंने कहीं भी लॉकडाउन लगाने का संकेत नहीं दिया. इसके कारण सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस बयान को लॉकडाउन से जोड़कर अफवाह फैलानी शुरू कर दी.
एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की क्या है स्थिति?
अफवाहों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या देश में ईंधन की कमी हो रही है. सरकार के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्राथमिकता पर है. कमर्शियल एलपीजी में कुछ स्थानीय स्तर पर दबाव हो सकता है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. पेट्रोलियम मंत्रालय और पीएमओ ने साफ किया है कि किसी तरह की कमी नहीं है
तेल कंपनियों का क्या कहना है?
तेल कंपनियों ने भी स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की सप्लाई सामान्य है. इंडियन ऑयल ने कहा कि आउटलेट्स पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. वहीं भारत पेट्रोलियम ने भी लोगों से अपील की कि घबराकर खरीदारी न करें. कंपनियों का कहना है कि अफवाहों की वजह से सप्लाई चेन पर अनावश्यक दबाव पड़ रहा है सोशल मीडिया पर पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों और लोगों द्वारा ड्रम, टंकियों में ईंधन भरने के वीडियो वायरल हो रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति वास्तविक कमी नहीं, बल्कि पैनिक बाइंग (घबराहट में खरीदारी) का नतीजा है. कुछ मामलों में तेल कंपनियों और डीलरों के बीच विवाद भी वजह हो सकता है
क्या लॉकडाउन की कोई संभावना है?
अब तक उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के अनुसार देश में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है, ईंधन की सप्लाई सामान्य है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर भरोसा करें. इसके साथ ही, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. कूल मिलाकर देश में लॉकडाउन को लेकर फैल रही खबरें फिलहाल केवल अफवाह हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की गलत जानकारी से न केवल डर फैलता है बल्कि सप्लाई सिस्टम भी प्रभावित होता है. ऐसे में जरूरी है कि लोग संयम रखें और जिम्मेदारी से व्यवहार करें.