पत्नी ज्योति सिंह के साथ रिश्तों को लेकर पवन सिंह का कोर्ट में कबूलनामा…कहा-साथ नहीं रहना, तलाक चाहिए

pawan singh on jyoti singh : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार और भाजपा नेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा तलाक का मामला एक बार फिर टल गया है. आरा फैमिली कोर्ट में बुधवार को सुनवाई के दौरान कोई ठोस फैसला नहीं हो सका, क्योंकि ज्योति सिंह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुईं.

दोनों के बीच काउंसिलिंग के बाद भी सुलह नहीं

जानकारी के अनुसार पवन सिंह दोपहर करीब 2:20 बजे न्यायालय पहुंचे और न्यायाधीश के समक्ष अपना पक्ष रखा. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वे ज्योति सिंह के साथ नहीं रहना चाहते और तलाक चाहते हैं. वे करीब 40 मिनट तक कोर्ट में ज्योति सिंह का इंतजार करते रहे, लेकिन उनके नहीं आने के कारण सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी. कोर्ट की पहल पर पहले भी दोनों के बीच काउंसिलिंग कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक सुलह नहीं हो पाई है. इसी क्रम में रीकाउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई थी और 25 मार्च की तारीख तय की गई थी. हालांकि, निर्धारित तिथि पर ज्योति सिंह की अनुपस्थिति के कारण यह प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी.

पवन सिंह ने जताई कोर्ट में तलाक की इच्छा

ज्योति सिंह के वकील विष्णु धर पांडेय ने बताया कि पवन सिंह ने कोर्ट में तलाक की इच्छा जताई है. वहीं अधिवक्ता आदित्य नारायण सिंह ने कहा कि किसी कारणवश ज्योति सिंह कोर्ट नहीं पहुंच सकीं. अब फैमिली कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 5 मई की तारीख तय की है. माना जा रहा है कि इस दिन मामले में कोई महत्वपूर्ण फैसला सामने आ सकता है. गौरतलब है कि दोनों के बीच 2022 से तलाक का मामला चल रहा है. पहले भी कई बार काउंसिलिंग कराई जा चुकी है, लेकिन संबंधों में सुधार नहीं हो पाया. हालांकि लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों को साथ देखा गया था, जिससे सुलह की उम्मीद जगी थी, लेकिन बाद में विवाद और गहरा गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *