नेपाल में छात्र राजनीति पर रोक..! बालेन सरकार ने लागू किया 100-दिवसीय शिक्षा सुधार प्लान

Student Politics Ban Nepal : नेपाल की नवगठित सरकार ने देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार के उद्देश्य से एक महत्वाकांक्षी 100-दिवसीय एक्शन प्लान जारी किया है. प्रधानमंत्री बालेन शाह के नेतृत्व में तैयार इस योजना का लक्ष्य शिक्षा क्षेत्र को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त कर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाना है. शनिवार देर रात सार्वजनिक किए गए इस प्लान में शैक्षणिक संस्थानों को पूरी तरह राजनीति-मुक्त क्षेत्र घोषित करने का ऐलान किया गया है. सरकार का स्पष्ट संदेश है कि अब स्कूल और विश्वविद्यालय केवल शिक्षा और ज्ञान के केंद्र होंगे, न कि राजनीतिक गतिविधियों के मंच.

छात्र राजनीति पर सख्त कार्रवाई

सरकार ने राजनीतिक दलों से जुड़े सभी छात्र संगठनों की गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है. निर्देश के अनुसार, ऐसे संगठनों को अगले 60 दिनों के भीतर शैक्षणिक परिसरों से अपने सभी कार्यालय और ढांचे हटाने होंगे.

स्टूडेंट काउंसिल की स्थापना

छात्रों की समस्याओं और आवाज को प्रभावी मंच देने के लिए सरकार ने एक नई गैर-राजनीतिक व्यवस्था विकसित करने का फैसला किया है. अगले 90 दिनों में स्टूडेंट काउंसिल या वॉइस ऑफ स्टूडेंट जैसे निकाय स्थापित किए जाएंगे.

नागरिकता की अनिवार्यता खत्म

सरकार ने स्नातक स्तर तक की पढ़ाई के लिए नेपाली नागरिकता की अनिवार्यता समाप्त कर दी है. इस फैसले का उद्देश्य दस्तावेजी बाधाओं के कारण किसी भी छात्र की शिक्षा प्रभावित न होने देना है.

समय पर परीक्षा परिणाम अनिवार्य

विश्वविद्यालयों में परीक्षा परिणामों में देरी की समस्या को खत्म करने के लिए शिक्षा मंत्रालय द्वारा निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर का सख्ती से पालन अनिवार्य किया गया है. सरकार का मानना है कि इससे छात्रों का भविष्य सुरक्षित होगा और विदेश पलायन में कमी आएगी.

विदेशी नामों पर रोक

देश में संचालित विदेशी नामों वाले शिक्षण संस्थानों जैसे ऑक्सफोर्ड, पेंटागन और सेंट जेवियर्स को इस वर्ष के भीतर अपने नाम बदलकर मौलिक नेपाली नाम अपनाने का निर्देश दिया गया है.

परीक्षा मुक्त प्रारंभिक शिक्षा

कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए पारंपरिक परीक्षाओं को समाप्त कर दिया गया है. अब उनकी प्रगति का मूल्यांकन वैकल्पिक और निरंतर आकलन प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रारंभिक शिक्षा को तनावमुक्त बनाया जा सके.

शिक्षा में सिंडिकेट और हस्तक्षेप पर रोक

सरकार का कहना है कि शिक्षा क्षेत्र में वर्षों से चले आ रहे राजनीतिक हस्तक्षेप और सिंडिकेट सिस्टम के कारण शैक्षणिक कैलेंडर बाधित होता रहा है. नए नियमों के तहत इस पर पूरी तरह रोक लगाने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार का दावा है कि ये सुधार न केवल शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाएंगे, बल्कि छात्रों के लिए बेहतर अवसर भी सुनिश्चित करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *