vaibhav suryavanshi record : आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जबरदस्त चर्चा में हैं. बिहार से आने वाले इस 15 वर्षीय खिलाड़ी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है. सोमवार को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में वैभव ने रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम मात्र 127 रन पर सिमट गई. इसके जवाब में राजस्थान की शुरुआत बेहद आक्रामक रही.
15 गेंदों में अर्धशतक
ओपनिंग करने आए यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज में रन बनाए. वैभव ने मात्र 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया, जो आईपीएल इतिहास के सबसे तेज अर्धशतकों में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान है. उन्होंने कुल 17 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें चार चौके और पांच छक्के शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 300 से भी ऊपर रहा. हालांकि, अंशुल कंबोज की गेंद पर सरफराज खान को कैच देकर उनकी पारी का अंत हुआ. इस पारी के साथ वैभव ने कई बड़े खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया, जिनमें अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सुरेश रैना और ट्रेविस हेड शामिल हैं.
आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड
गौरतलब है कि आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है, जबकि केएल राहुल, पैट कमिंस और रोमारियो शेफर्ड ने 14 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है. पिछले सीजन में भी वैभव ने 17 गेंदों में अर्धशतक लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं. उन्होंने 7 पारियों में 252 रन बनाए थे. इस सीजन की शुरुआत भी उन्होंने उसी आक्रामक अंदाज में की है.