Bihar news today : बिहार सरकार ने दरभंगा (Darbhanga) जिले को एक बड़े व्यापारिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है. सरकार ने यहां कार्गो-लॉजिस्टिक्स हब और एयरोसिटी के निर्माण की योजना को मंजूरी दे दी है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत लगभग 50.04 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, जिसके लिए करीब 138.82 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है. यह परियोजना दरभंगा एयरपोर्ट के समीप विकसित की जाएगी, जहां आमस-दरभंगा सिक्स लेन सड़क भी समाप्त होती है. राष्ट्रीय राजमार्ग, हवाई मार्ग और स्थानीय सड़कों के एक साथ जुड़ने के कारण यह स्थान लॉजिस्टिक्स हब के लिए रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
तीन प्रमुख हिस्सों में पूरा होगा परियोजना
परियोजना को तीन प्रमुख हिस्सों में विभाजित किया गया है,जिसमें मॉडर्न कार्गो टर्मिनल, लॉजिस्टिक्स पार्क और एयरोसिटी शामिल है. प्रस्तावित कार्गो टर्मिनल के माध्यम से मिथिलांचल के प्रमुख उत्पाद जैसे मछली, मखाना, मिथिला पेंटिंग और मौसमी फल अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे. वहीं, लॉजिस्टिक्स पार्क में कोल्ड-चेन स्टोरेज और प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे उत्पादों के खराब होने की समस्या में कमी आएगी. एयरोसिटी के विकास से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिनमें शॉपिंग मॉल, होटल और कन्वेंशन सेंटर शामिल हैं. यह न केवल यात्रा अनुभव को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन और व्यवसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा.
बिजनेस हब के रूप में विकसित होगा दरभंगा
इस परियोजना के पूरा होने के बाद दरभंगा को एक प्रमुख बिजनेस हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी. साथ ही, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे राज्य से पलायन पर भी रोक लगने की उम्मीद है. भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान प्रभावित जमीन मालिकों को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है. सरकार का मानना है कि यह परियोजना मिथिलांचल की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी और इसे वैश्विक व्यापार मानचित्र पर स्थापित करने में सहायक साबित होगी.