Bihar Flood News : बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए राज्य सरकार ने इस बार व्यापक तैयारी शुरू कर दी है. मॉनसून 2026 से पहले बाढ़ सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 1117 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई है. इस राशि से पूरे राज्य में 384 परियोजनाओं को लागू किया जाएगा. यह फैसला गुरुवार को पटना में आयोजित बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद की 66वीं बैठक में लिया गया. बैठक की अध्यक्षता जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने की. उन्होंने सभी तटबंधों की सख्त निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और इंजीनियरों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने को कहा. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर संवेदनशील क्षेत्रों में मरम्मत कार्य जल्द पूरा किया जाए. साथ ही, किसी भी प्रकार की बाधा आने पर तत्काल विभाग को सूचित करने को कहा गया.
दरभंगा एम्स की सुरक्षा के लिए विशेष योजना
बैठक में दरभंगा में बन रहे एम्स को बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिए एक विशेष परियोजना को मंजूरी दी गई. इस योजना पर 92.66 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके तहत रिंग बांध, ड्रेनेज चैनल, पंप हाउस और संप का निर्माण किया जाएगा, ताकि बारिश और बाढ़ का पानी अस्पताल परिसर में प्रवेश न कर सके. दरभंगा में बिहार का दूसरा एम्स तेजी से निर्माणाधीन है. इसका शिलान्यास नवंबर 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था. यह 750 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल होगा, जिसमें इमरजेंसी, ट्रॉमा सेंटर, ICU और AYUSH जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. दरअसल एम्स का निर्माण शोभन क्षेत्र में किया जा रहा है, जिसे विशेषज्ञों ने बाढ़ संवेदनशील माना है. इसी कारण यहां पहले से मिट्टी भराई और रिंग बांध बनाने का निर्णय लिया गया है, ताकि भविष्य में बाढ़ का असर कम किया जा सके.
बड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा
बैठक में 30 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 5 प्रमुख परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई. इसमें जल संसाधन विभाग के अलावा योजना एवं विकास, वित्त, राजस्व और आपदा प्रबंधन विभागों के अधिकारी शामिल हुए. राज्य सरकार का कहना है कि इस बार बाढ़ से निपटने के लिए पहले से अधिक मजबूत और व्यवस्थित तैयारी की जा रही है. बड़े बजट और समय पर परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य के लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.