मुख्यमंत्री पद के लिए कल शपथ लेंगे सम्राट चौधरी..! गवर्नर से मिल किया सरकार बनाने का दावा

Bihar politics : बिहार की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. इसके तुरंत बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया है, जिससे उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है.

भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति

पटना स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में विधायक दल की अहम बैठक हुई. इस बैठक में विजय कुमार सिन्हा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया. पार्टी के इस फैसले के बाद बिहार में नेतृत्व परिवर्तन तय हो गया. मीडिया सूत्रों के अनुसार सम्राट चौधरी बुधवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इसके साथ ही बिहार में नई सरकार का औपचारिक गठन हो जाएगा.

नीतीश कुमार का इस्तीफा

दिन में पहले नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपा. इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगी. इस दौरान एक दिलचस्प दृश्य भी देखने को मिला ,नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को माला पहनाकर स्वागत किया, वहीं सम्राट चौधरी ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया. इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने कार्यकाल का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 2005 से अब तक उनकी सरकार ने सभी वर्गों, हिंदू, मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और महादलित के विकास के लिए काम किया. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि जैसे क्षेत्रों में हुए विकास को अपनी सरकार की उपलब्धि बताया.

सम्राट चौधरी ने जताया आभार

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने पार्टी नेतृत्व और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे. इस बैठक में विनोद तावड़े और बी.एल. संतोष जैसे वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे. सर्वसम्मति से लिया गया यह निर्णय बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *