BPSC TRE4 Notification : BPSC जल्द ही Bihar में शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE-4) का नोटिफिकेशन जारी करने वाला है. उससे पहले विभाग के नए नियम की चर्चा हो रही है. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो इस बार भर्ती प्रक्रिया में कई अहम बदलाव किए गए हैं, जो उम्मीदवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे.
जिलावार निकलेगी वैकेंसी
इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह है कि पदों की रिक्तियां अब जिलावार जारी की जाएंगी. उम्मीदवारों को उनकी मेरिट के आधार पर जिले आवंटित किए जाएंगे. इसके साथ साथ पहले जहां उम्मीदवारों को सीमित जिलों का विकल्प मिलता था, अब वे राज्य के सभी 38 जिलों का चयन कर सकेंगे. आवेदन के दौरान जिला विकल्प भरना अनिवार्य कर दिया गया है.
जिला विकल्प नहीं भरा तो नहीं मिलेगा चयन
आयोग ने साफ किया है कि जो उम्मीदवार जिला विकल्प नहीं भरेंगे, उन्हें किसी भी जिले में नियुक्ति नहीं दी जाएगी. आवेदन करते समय छोटी सी गलती भी भारी पड़ सकती है. जिला आवंटन पूरी तरह मेरिट सूची के आधार पर होगा, जिसमें आरक्षण रोस्टर का भी पालन किया जाएगा. जिस जिले में जितनी सीटें होंगी, उसी अनुसार उम्मीदवारों को जगह मिलेगी.
खत्म होगा अल्फाबेट सिस्टम
इस बार अल्फाबेट आधारित सिस्टम को हटाने की तैयारी है. इसका उद्देश्य भविष्य में ट्रांसफर से जुड़ी समस्याओं को कम करना है. जिस उम्मीदवार को जो जिला मिलेगा, उसे वहीं काम करना होगा और तुरंत तबादले की सुविधा नहीं मिलेगी.
46,882 पदों पर होगी भर्ती
परीक्षा नियंत्रक Rajesh Kumar Singh के अनुसार, इस चरण में कुल 46,882 पदों पर भर्ती की जाएगी. इसमें शिक्षा विभाग के साथ-साथ अल्पसंख्यक कल्याण और अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के पद भी शामिल हैं. आवेदन प्रक्रिया 25 अप्रैल के बाद शुरू होने की संभावना है. इस बार आवेदन करते समय ही जिलों का चयन करना अनिवार्य होगा. उदाहरण के तौर पर, अगर किसी उम्मीदवार ने 20 जिलों का विकल्प भरा है और उसकी मेरिट के अनुसार उसे 21वां जिला मिल रहा है, तो उसे कोई जिला आवंटित नहीं किया जाएगा.