Vaginal discharge : महिलाओं में वजाइनल डिस्चार्ज एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, जो वजाइना को साफ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
अलग-अलग रंग का क्यों दिखता है डिस्चार्ज
विशेषज्ञों के अनुसार यह आमतौर पर पारदर्शी या सफेद रंग का होता है, इसमें किसी प्रकार की दुर्गंध नहीं होती और यह खुजली या जलन का कारण नहीं बनता. हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि डिस्चार्ज के रंग, गंध या बनावट में बदलाव होने पर सतर्क रहना जरूरी है. यदि डिस्चार्ज पीला, हरा या भूरा हो जाए, बहुत पतला या अत्यधिक गाढ़ा (दही या पनीर जैसा) हो, या उसमें मछली या सड़े अंडे जैसी बदबू आने लगे, तो यह संक्रमण का संकेत हो सकता है.
कब लेनी चाहिए डॉक्टर की मदद
इसके साथ ही यदि खुजली, जलन, पेशाब के दौरान दर्द, यौन संबंध के समय असुविधा या रक्तस्राव (पोस्टकोइटल ब्लीडिंग) जैसे लक्षण भी दिखाई दें, तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना आवश्यक है. निचले पेट या कमर में दर्द, बार-बार पेशाब आना या अत्यधिक तरल डिस्चार्ज भी संक्रमण के संकेत हो सकते हैं. डॉक्टर जांच के दौरान यह निर्धारित करते हैं कि संक्रमण यीस्ट, बैक्टीरिया या अन्य कारणों से हुआ है, और उसी के अनुसार उपचार दिया जाता है.
क्या है इससे बचाव के उपाय
विशेषज्ञों का कहना है कि वजाइनल स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए कुछ सरल सावधानियां अपनाना जरूरी है. जैसे
- वजाइनल वॉश या केमिकल प्रोडक्ट्स का अनावश्यक उपयोग न करें
- केवल साफ पानी से ही सफाई करें
- सूती (कॉटन) अंडरगारमेंट्स पहनें
- पीरियड्स के दौरान पैड या टैम्पोन समय-समय पर बदलें
- साफ-सफाई के बाद क्षेत्र को सूखा रखें
- नियमित रूप से स्त्रीरोग विशेषज्ञ से जांच कराएं
- यौन संबंध के दौरान सुरक्षा (कंडोम) का उपयोग करें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि जागरूकता और सही समय पर इलाज से गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है.