6 मई को होगी सम्राट चौधरी सरकार की अगली कैबिनेट बैठक ! इन जरूरी प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

Bihar Cabinet: 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही प्रशासनिक स्तर पर तेज़ी दिखाई है. इसी क्रम में उन्होंने 6 मई को मुख्यमंत्री सचिवालय में अपनी तीसरी कैबिनेट बैठक बुला ली है. इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है, साथ ही नई नीतियों को भी मंजूरी मिल सकती है.

सम्राट चौधरी सरकार की दो कैबिनेट बैठक

इससे पहले हुई दो कैबिनेट बैठकों में राज्य सरकार ने कई अहम फैसले लिए थे. 29 अप्रैल को आयोजित दूसरी बैठक में कुल 63 एजेंडों को स्वीकृति दी गई. इनमें राज्य में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए नई अंतरराज्यीय ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण, पटना के मैंगल्स रोड पर साइबर अपराध इकाई और विशेष शाखा के लिए लगभग 51 करोड़ रुपये की लागत से नए भवन का निर्माण, और विभिन्न सड़क परियोजनाओं को मंजूरी जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल थे. इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव और विजय चौधरी भी मौजूद रहे.

पहली कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी

इससे पहले 22 अप्रैल को हुई सम्राट चौधरी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी. इनमें नगर विकास विभाग द्वारा 11 नए ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास, 1500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और 3200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल देने, सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने, और मुंगेर जिले के तारापुर में धार्मिक एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार जैसे निर्णय शामिल थे.

आने वाले दिनों में बड़े फैसले के संकेत

इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर हैं, जहां उन्होंने कई केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की. इनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, अश्विनी वैष्णव, ललन सिंह और नित्यानंद राय शामिल हैं. सूत्रों के अनुसार, उनकी मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी हो सकती है. नई कैबिनेट बैठक और दिल्ली दौरे को लेकर यह संकेत मिल रहे हैं कि राज्य सरकार आने वाले दिनों में कई बड़े फैसले ले सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *