Bihar teacher recruitment : बिहार सरकार ने राज्य में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि आगामी पांच वर्षों में राज्य में कुल एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. इसके तहत हर साल लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली होगी और नियुक्ति प्रक्रिया के लिए प्रत्येक वर्ष जुलाई महीने में विज्ञापन जारी किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने यह घोषणा लोक संवाद कार्यक्रम के बाद शिक्षा विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में की. बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और विभागीय योजनाओं एवं नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति पर चर्चा की गई.
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को जल्द से जल्द दूर किया जाए ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो. सरकार का लक्ष्य स्कूलों में शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना है. वर्तमान में बिहार में स्कूल शिक्षकों की कुल संख्या लगभग 5 लाख 84 हजार बताई जा रही है. सरकार की नई योजना के अनुसार शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को नियमित बनाया जाएगा. इसके तहत हर वर्ष जुलाई महीने में भर्ती विज्ञापन जारी होगा, जिससे युवाओं को समय पर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी.
महिला शिक्षकों को मिलेगा गृह क्षेत्र के पास पदस्थापन
मुख्यमंत्री ने महिला शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की. उन्होंने कहा कि महिला शिक्षकों को उनके गृह प्रखंड या पंचायत के आसपास के विद्यालयों में पदस्थापित किया जाएगा ताकि उन्हें कार्यस्थल तक आने-जाने में सुविधा हो. इसके अलावा पुरुष शिक्षकों के लिए भी नई स्थानांतरण नीति बनाने की बात कही गई है. सरकार का उद्देश्य शिक्षकों के कार्य वातावरण को बेहतर बनाना और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है.
समय पर होगी पोशाक राशि की आपूर्ति
बैठक में मुख्यमंत्री ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली पोशाक राशि एवं अन्य योजनाओं की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इससे छात्रों को लाभ मिलेगा और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा. इस दौरान बैठक में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. विभागीय सचिवों ने विभिन्न योजनाओं और नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति पर प्रस्तुति दी. सरकार की इस घोषणा से राज्य के लाखों अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है. नियमित शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है.